ईरान-इजरायल युद्ध के बाद ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बने हालात के बीच देश में एलपीजी संकट की चर्चाओं पर BJP सांसद कंगना रनौत ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा रखने की अपील की है.
उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी को लेकर फैल रही कई बातें अफवाह हैं और ऐसी स्थिति नहीं आने दी जाएगी.
मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने एएनआई को दिए बयान में एलपीजी संकट की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर देश को आश्वस्त किया है. उनके अनुसार अभी देश में जो चर्चा चल रही है, वह अधिकतर अफवाहों के कारण बढ़ी है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि एलपीजी की ऐसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी जिससे आम लोगों को परेशानी हो. इसलिए जनता को उनके आश्वासन पर विश्वास करना चाहिए और उन्हें हालात संभालने का मौका भी देना पड़ेगा.
दिल्ली: भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, “LPG के लिए प्रधानमंत्री ने कहा है, पूरे देश में अभी अफवाह है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि ऐसी कोई स्थिति नहीं आने देंगे। हमें उनका विश्वास भी करना पड़ेगा और उनको मौका भी देना पड़ेगा… ”
अफवाहों पर सरकार का रुख
एलपीजी को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर घबराहट का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं और इस तरह की बातें फैलाकर अपना एजेंडा चलाना चाहते हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस समय इस पर राजनीतिक टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन इतना जरूर कहना चाहेंगे कि ऐसी कोशिशें करने वाले लोग जनता के सामने खुद ही उजागर हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ भ्रम फैलता है बल्कि देश को भी नुकसान होता है.
ईरान-इजरायल युद्ध और ऊर्जा संकट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान और इजरायल के बीच युद्ध के बाद बने वैश्विक हालात पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि इस संघर्ष ने पूरे विश्व को बड़े ऊर्जा संकट की स्थिति में धकेल दिया है और ऐसे समय में हर देश के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो जाती हैं.
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में एक राष्ट्र के रूप में यह महत्वपूर्ण है कि हम धैर्य और शांति के साथ स्थिति का सामना करें. संकटकाल पूरे देश की परीक्षा होता है और जनता का विश्वास बनाए रखते हुए जागरूकता के साथ आगे बढ़ना जरूरी होता है.



