Home विदेश “यूक्रेन को लेकर रूस की मांगों से बौखलाया अमेरिका, पुतिन संग ट्रंप...

“यूक्रेन को लेकर रूस की मांगों से बौखलाया अमेरिका, पुतिन संग ट्रंप की बैठक रद्द”

6
0

अगले महीने बुडापेस्ट में प्रस्तावित अमेरिका और रूस के बीच उच्चस्तरीय बैठक अब रद्द कर दी गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच यह मुलाकात यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही थी।

रॉयटर्स ने फाइनेंशियल टाइम्स के हवाले से बताया है कि रूस द्वारा भेजे गए एक औपचारिक मेमो में बैठक रद्द होने के पीछे की वजह का खुलासा हुआ है। दरअसल रूस ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए ‘बहुत ज्यादा मांगें’ रखीं जिसके बाद वाइट हाउस ने बैठक रद्द करने का निर्णय लिया।

रूस की शर्तों ने बढ़ाई दूरी

रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने अपने प्रस्ताव में अमेरिका से कठोर प्रतिबंधों को हटाने और अपने कब्जे वाले क्षेत्रों पर दावे की मान्यता की मांग की थी। अमेरिकी अधिकारियों ने इन मांगों को ‘अस्वीकार्य’ बताया और बैठक रद्द करने का फैसला लिया। वाइट हाउस ने फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन अमेरिकी प्रशासन के एक अधिकारी ने इस सप्ताह की शुरुआत में ही संकेत दिया था कि ‘निकट भविष्य में ट्रंप और पुतिन की बैठक की कोई योजना नहीं है।’

ट्रंप की नाराजगी और बदलता रुख

पिछले कुछ दिनों में ट्रंप ने खुद स्वीकार किया है कि वे पुतिन से ‘हताश’ महसूस कर रहे हैं। यह उनके पिछले दावे से बिल्कुल अलग है, जब वे कहा करते थे कि पुतिन के साथ उनकी ‘व्यक्तिगत समझ’ उन्हें सत्ता में लौटते ही एक दिन में यूक्रेन युद्ध समाप्त करने में मदद करेगी।

पिछले हफ्ते, ट्रंप ने यह भी माना था कि पुतिन के साथ शीर्ष स्तर की बैठक फिलहाल संभव नहीं दिखती। हालांकि, इसी दौरान फ्लोरिडा में अमेरिकी अधिकारियों और एक वरिष्ठ रूसी प्रतिनिधि के बीच यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर बातचीत हुई थी। ट्रंप ने उस बैठक के बाद कहा था कि मैं अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहता। उन्होंने यह संकेत दिया था कि वे फिलहाल किसी औपचारिक शिखर वार्ता के पक्ष में नहीं हैं।

कूटनीति पर छाया संशय

विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम वॉशिंगटन और मॉस्को के बीच तनावपूर्ण संबंधों को और गहराई दे सकता है। दोनों देशों के बीच विश्वास बहाल करने के प्रयास पहले से ही ठंडे पड़ चुके हैं, और अब यह रद्द हुई बैठक किसी भी संभावित शांति वार्ता की उम्मीदों को और कमजोर करती है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आने वाले महीनों में दोनों देशों के बीच कोई नया राजनयिक पहल शुरू की जाएगी या नहीं, लेकिन यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका और रूस के बीच मतभेद पहले से कहीं अधिक गहरे दिखाई दे रहे हैं।