डोंगरगढ़। वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर लाल बहादुर नगर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों वीर जोरावर सिंह जी और वीर फतेह सिंह जी के अद्वितीय शौर्य, अदम्य साहस और अमर बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
कार्यक्रम जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इसमें नगर पंचायत लाल बहादुर नगर के अध्यक्ष देवेंद्र साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पुष्पा सिन्हा और राजेश देवांगन विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक धरम सिन्हा एवं सह-संयोजक बंटी साहू ने किया।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि साहिबजादों ने बहुत कम उम्र में धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए जो सर्वोच्च बलिदान दिया, वह भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उनका जीवन साहस, त्याग और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में शिवम साहू, डिकान्श सिन्हा, सौरभ ठाकुर सहित नगर पंचायत लाल बहादुर नगर के ग्रामीणजन, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। बच्चों ने वीर गाथा को उत्साहपूर्वक सुना और साहिबजादों के बलिदान से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।



