गणतंत्र दिवस की मुख्य परेड 26 जनवरी को नई दिल्ली के राजपथ पर आयोजित होगी. इसके बाद 28 और 29 जनवरी को बीटिंग द रिट्रीट समारोह होगा. जो पूरे उत्सव का शानदार समापन माना जाता है. इन दोनों ही कार्यक्रमों के लिए टिकट लेना जरूरी होता है और इन्हें पहले से बुक करना सबसे बेहतर रहता है.
अगर आप घर बैठे टिकट लेना चाहते हैं. तो रक्षा मंत्रालय के आमंत्रण पोर्टल से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. यहां मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करके लॉगिन करना होता है. इसके बाद आपको परेड या बीटिंग द रिट्रीट में से इवेंट चुनना होता है और सीटिंग ऑप्शन सेलेक्ट करना होता है.
इवेंट चुनने के बाद टिकट की संख्या भरें. फिर अपनी जरूरी जानकारी डालें और वैलिड फोटो आईडी अपलोड करें, जैसे आधार या वोटर आईडी. इसके बाद ऑनलाइन पेमेंट करें. पेमेंट पूरा होते ही आप अपना ई टिकट डाउनलोड कर सकते हैं. चाहें तो उसका प्रिंट भी निकाल सकते हैं.
जो लोग ऑनलाइन टिकट नहीं लेना चाहते. उनके लिए दिल्ली में सरकारी ऑफलाइन काउंटर भी लगाए जाते हैं. यहां ओरिजनल फोटो आईडी दिखाकर सीधे टिकट खरीदे जा सकते हैं. सेना भवन, शास्त्री भवन, जंतर मंतर, संसद भवन, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर काउंटर उपलब्ध रहते हैं.
कार्यक्रम में जाते समय वही फोटो आईडी साथ रखें, जो बुकिंग में दी गई थी. टिकट सिर्फ चुनी गई तारीख और इवेंट के लिए मान्य होता है. कम से कम 1 से 2 घंटे पहले पहुंचना बेहतर रहता है. सभी गेट्स पर सुरक्षा जांच होती है, इसलिए प्रतिबंधित सामान न लेकर जाएं.
गणतंत्र दिवस के दिन राजपथ और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक सीमित रहता है. ऐसे में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करना सबसे सही विकल्प होता है. मोबाइल में ई टिकट सेव रखें या प्रिंट कॉपी साथ रखें. थोड़ी प्लानिंग के साथ आप इस ऐतिहासिक परेड का पूरा आनंद ले सकते हैं.



