मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ी चिंता
मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री एक बार फिर से भय और आतंक के साए में है। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी शुभम लोनकर का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, शुभम लोनकर ने बॉलीवुड की कम से कम पांच प्रमुख हस्तियों को निशाना बनाया है और उनसे रंगदारी वसूलने के लिए धमकी भरे कॉल किए हैं।
फिल्मी हस्तियों में डर का माहौल
हालांकि, इस डर के माहौल के चलते अब तक किसी भी फिल्मी हस्ती ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पिछले रविवार को प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित बंगले पर फायरिंग की गई थी, जिसमें शुभम लोनकर का नाम मुख्य संदिग्ध के रूप में सामने आया। इस घटना ने पूरे फिल्म उद्योग को हिला कर रख दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें खुफिया जानकारी मिली है कि कई फिल्मी सितारों को धमकी भरे फोन कॉल आए हैं, लेकिन कोई भी शिकायत करने के लिए आगे नहीं आया है।
सोशल मीडिया पर धमकी
इस बीच, शुभम लोनकर की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी पुलिस के हाथ लगी है, जिसमें उसने रोहित शेट्टी को खुली धमकी दी थी। लोनकर ने लिखा, ‘राम-राम, जय बजरंग बली। हमने रोहित शेट्टी को कई बार संदेश भेजकर कहा था कि हमारे काम में दखल न दें, लेकिन वह नहीं समझे। यह तो सिर्फ ‘ट्रेलर’ था। अगर अब भी नहीं माने, तो अगली गोली सीधे उनके सीने में लगेगी। यह पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए चेतावनी है, समय रहते सुधर जाओ।’
रोहित शेट्टी का बयान
हालांकि, रोहित शेट्टी ने पुलिस को बताया है कि उन्हें किसी भी प्रकार का धमकी भरा कॉल या संदेश नहीं मिला है। क्राइम ब्रांच की कई टीमें देश के विभिन्न हिस्सों में शुभम लोनकर की तलाश कर रही हैं।



