राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग आरोपी भी शामिल है। ये आरोपी घटना के बाद से लगातार 8 माह तक फरार चल रहे थे।
मामला 23 मई 2025 का है। प्रार्थिया ने शिकायत में बताया कि आरोपीगण मनीष अमोरिया, आकाश मरकाम, विकास मरकाम, रवि, भैयालाल और याकुब ने उसके पति दीपेश ढीमर को जान से मारने की नियत से हाथ-मुक्का और चाकू से गंभीर चोटें पहुंचाईं। घायल को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने प्रार्थिया की रिपोर्ट पर धारा 109, 296, 351 (2), 191 (2), 191 (3), 190 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश मरकाम, 19 वर्ष, अटल आवास, लखोली, भैयालाल महिलांगे, 19 वर्ष, बैगापारा, लखोली एवं एक विधिक रूप से संघर्षरत बालक शामिल है।
मुखबीर की सूचना पर 7 फरवरी 2026 को पुलिस ने आरोपियों को दबिश देकर घेराबंदी में पकड़ा। आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया। जेल वारंट मिलने के बाद सभी को जिला जेल राजनांदगांव में दाखिल किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में कार्यवाही में सउनि इसराफिल खान, प्रधान आरक्षक शम्भूनाथ द्विवेदी, आरक्षक राजा बारले, रामनारायण चंदेल और पूरन लाल वर्मा की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है, मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



