Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बाल एवं मातृ मृत्यु दर घटाने पर जोर...

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बाल एवं मातृ मृत्यु दर घटाने पर जोर दिया

3
0

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक लेकर जिले में बाल एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त न करने और उच्च स्तर की सक्रियता एवं ईमानदारी से काम करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में किसी भी महिला या नवजात शिशु की मृत्यु न हो, इसके लिए हरसंभव कदम उठाएं। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निरंतर निगरानी करें और समय पर उन्हें अस्पताल पहुंचाएं। उन्होंने मितानिनों के माध्यम से गर्भवती माताओं के एनएनसी जांच, उपचार और देखभाल के साथ नियमित मानिटरिंग करने के निर्देश दिए।

गर्भवती माताओं और नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल
कलेक्टर ने प्रसव के बाद जच्चा और बच्चे को कम से कम तीन दिन तक सरकारी और निजी अस्पताल में डॉक्टर की देखरेख में रखने का निर्देश दिया। उन्होंने नवजात शिशुओं का वजन कम होने की स्थिति में प्रारंभिक देखभाल और सतत निगरानी करने पर जोर दिया। साथ ही गर्भवती माताओं को पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य संबंधित दवाओं और सावधानियों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग को समन्वित अभियान चलाकर जीवनशैली में सुधार और हाई ब्लड प्रेशर व मधुमेह जैसी बीमारियों पर जागरूकता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की संवेदनशीलता के साथ मदद करें और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराएं।

स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा
कलेक्टर ने जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना का जायजा लिया और कंगारू मदर केयर के लिए प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, आयुष्मान भारत, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण, 102 एंबुलेंस सेवा, मानव संसाधन और आभा कियोस्क के माध्यम से ओपीडी सेवाओं की समीक्षा की। निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों को शीघ्र पूरा करने का भी आदेश दिया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि मातृ मृत्यु दर घटाने के लिए सजग रहना और व्यवहार परिवर्तन लाना जरूरी है। बैठक में अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, डीपीएम संदीप ताम्रकार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।