राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को भाजपा किसान मोर्चा ने ऐतिहासिक बताया है। भाजपा किसान मोर्चा राजनांदगांव के जिला अध्यक्ष श्री दादूराम सोनकर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट “मोदी की गारंटी” को पूरा करने और राज्य के अन्नदाताओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
जिला अध्यक्ष श्री सोनकर ने कहा कि, “मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। बजट में ‘कृषक उन्नति योजना’ हेतु 10,000 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आवंटन और कृषि पंपों के लिए 5,500 करोड़ रुपये का प्रावधान यह स्पष्ट करता है कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता में सदैव किसान ही सर्वोपरि है।”
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद से किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। 5HP तक के कृषि पंपों के लिए 3,500 करोड़ रुपये की निःशुल्क बिजली सुविधा और शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण जारी रखना, प्रदेश के लाखों किसानों के लिए वरदान साबित होगा।
यह जानकारी भाजपा किसान मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी सतीश यादव द्वारा दी गई।



