देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं. सरकार ने राज्यसभा में जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न अर्धसैनिक बलों और असम राइफल्स में कुल 93 हजार से अधिक पद रिक्त हैं.
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लिखित जवाब में इन खाली पदों का ब्यौरा दिया, उन्होंने यह भी कहा कि इन पदों को भरने की प्रक्रिया लगातार जारी है और भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं. सरकार के मुताबिक, उपलब्ध संसाधनों के साथ सुरक्षा बल अपने कर्तव्यों को प्रभावी ढंग से निभा रहे हैं. इन रिक्तियों में सबसे ज्यादा पद CISF और CRPF में हैं.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, CISF में 28,342 पद खाली हैं, जबकि CRPF में 27,400 पद रिक्त हैं. इसके अलावा BSF में 14,531 पद, ITBP में 12,333 पद और सशस्त्र सीमा बल में 6,784 पद खाली हैं. वहीं असम राइफल्स में 3,749 पदों पर भर्ती बाकी है.
सुरक्षा व्यवस्था पर असर को लेकर उठे सवाल
खाली पदों की बड़ी संख्या को देखते हुए कानून व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और आपदा राहत जैसे कामों पर असर पड़ने को लेकर सवाल उठाए गए. इस पर जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि सुरक्षा बल उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अपनी जिम्मेदारियां प्रभावी तरीके से निभा रहे हैं और उनकी कार्यक्षमता पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है.
भर्ती प्रक्रिया तेज करने के लिए उठाए कदम
सरकार के अनुसार इन पदों को भरना एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है. भर्ती मुख्य रूप से Union Public Service Commission और Staff Selection Commission के माध्यम से की जाती है.
भर्ती को तेज करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं. इनमें एसएससी के जरिए कांस्टेबल (जीडी) की हर साल भर्ती, प्रमुख पदों की भर्ती के लिए नोडल बल की नियुक्ति और शारीरिक परीक्षा के दौरान आरएफआईडी तकनीक का इस्तेमाल शामिल है. इसके अलावा मेडिकल जांच में लगने वाले समय को भी कम किया गया है.



