Home देश तैयार हुई होंडा की पहली इलेक्ट्रिक कार, भारत में शुरू हुई टेस्टिंग,...

तैयार हुई होंडा की पहली इलेक्ट्रिक कार, भारत में शुरू हुई टेस्टिंग, जानें क्या है खासियत?

7
0

होंडा ने अपनी आने वाली इलेक्ट्रिक SUV होडां 0 अल्फा की पूरे भारत में रोड टेस्टिंग शुरू कर दी है. यह कंपनी की भविष्य की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी योजना की तैयारी में एक अहम कदम माना जा रहा है.

इस प्रक्रिया के तहत गाड़ी को आम सड़कों पर चलाकर परखा जाएगा, ताकि बाजार में लॉन्च से पहले इसे भारतीय हालात में अच्छे से टेस्ट किया जा सके.

इस इलेक्ट्रिक SUV का प्रोटोटाइप पहली बार जापान मोबिलिटी शो 2025 में दिखाया गया था. भारत में चल रही टेस्टिंग का मकसद यह देखना है कि यह गाड़ी अलग-अलग परिस्थितियों में कैसी परफॉर्म करती है. इसमें हाईवे, व्यस्त शहर की सड़कें और मुश्किल रास्ते भी शामिल हैं.

कई स्तर पर चेक होगी कार

इस टेस्टिंग के दौरान होंडा गाड़ी की कई चीजों को चेक करेगी. इसमें मजबूती, हैंडलिंग, राइड कम्फर्ट और एनर्जी एफिशिएंसी जैसे पहलुओं पर नजर रखी जाएगी. इसके अलावा इस इलेक्ट्रिक SUV को बेहद गर्म मौसम और भारी मॉनसून बारिश जैसी परिस्थितियों में भी टेस्ट किया जाएगा. अलग-अलग तरह के चार्जिंग स्टेशन पर इसकी चार्जिंग क्षमता भी जांची जाएगी, ताकि यह रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए सही साबित हो सके.

EV सेगमेंट में बड़ा कदम

इस बारे में होंडा कार्ड इंडिया के प्रेसिडेंट और CEO ताकाशी नकाजिमा ने कहा कि पूरे भारत में पब्लिक रोड टेस्टिंग की शुरुआत कंपनी के इलेक्ट्रिफिकेशन सफर का एक बड़ा कदम है. उन्होंने कहा कि भारत में ड्राइविंग और मौसम की परिस्थितियां अलग हैं, इसलिए असली माहौल में इलेक्ट्रिक वाहन को अच्छी तरह परखना जरूरी है. यह कार्यक्रम होंडा की वैश्विक इंजीनियरिंग क्षमता और भारतीय ग्राहकों की जरूरतों पर ध्यान को दिखाता है. कंपनी ऐसा इलेक्ट्रिक SUV लाना चाहती है जो भरोसेमंद, आरामदायक और इस्तेमाल में आसान हो.

जानें क्या है कार का खासियत?

यह नई इलेक्ट्रिक SUV शहर में रोजाना आने-जाने और लाइफस्टाइल ड्राइविंग, दोनों जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है. कंपनी के मुताबिक यह मॉडल रोजमर्रा के कई तरह के इस्तेमाल के लिए उपयुक्त होगा और अलग-अलग ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करेगा. दुनिया भर में इस गाड़ी को 2026-27 के दौरान लॉन्च किए जाने की उम्मीद है, जिसमें भारत और जापान मुख्य बाजार होंगे. होंडा ने यह भी पुष्टि की है कि इस SUV का निर्माण भारत में किया जाएगा और यहां से कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात भी किया जाएगा.