पीएम मोदी ने आज जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान कहा कि पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था. लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा, यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है.
पीएम मोदी ने का कि नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे.
पीएम मोदी ने कि मुझे याद है, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आए. उन्होंने कहा कि मुझे भी डराने की कोशिश की गई, कहा गया, नोएडा मत जाइए, मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं. मैंने कहा कि मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगी. उन्होंने कहा कि आज वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है. यह पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है.
‘2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे’
पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती. ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं. साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से ज्यादा एयरपोर्ट हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है. पीएम ने कहा कि पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है.
‘जो भारतीयों के हित में वही सरकार की रणनीति’
पीएम मोदी ने कहा कि 140 करोड़ देशवासी कड़े से कड़ा परिश्रम करें और वैश्विक संकट का एकजुट होकर सामना करें. हमें शांत मन से, धैर्य और एकजुटता के साथ मिल-जुलकर इस संकट का सामना करना है. यह पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है, हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है. पीएम मोदी ने कहा कि मैं यूपी के और देश के सभी राजनीतिक दलों से आग्रहपूर्वक कहना चाहता हूं कि ऐसे संकट के समय ऐसी बातें करने से बचें जो देश के लिए नुकसानदायक हों. जो भारत और भारतीयों के हित में है, वही भारत सरकार की रणनीति है.



