Home प्रदेश जयपुर में बनने जा रहा भारत का पहला 360° हाइटेक स्काईडोम…

जयपुर में बनने जा रहा भारत का पहला 360° हाइटेक स्काईडोम…

2
0

जयपुर दुनियाभर में अपनी बेहतरीन इमारतों और किलों-महलों के लिए मशहूर है। इसलिए कुछ वर्षों में जयपुर डेस्टिनेशन वेडिंग, प्री-वेडिंग फोटोशूट, लाइव कॉन्सर्ट और बड़े इवेंट्स का हब बन गया है।

जहां बॉलीवुड सेलिब्रिटीज की शादियां हों या बॉलीवुड सिंगर्स के लाइव कॉन्सर्ट्स, जयपुर देशभर में अपने इन वेन्यू के लिए लोगों की खास पसंद है। ऐसे में जयपुर को डेस्टिनेशन वेडिंग, कॉन्सर्ट और बड़े इवेंट्स के लिए भव्य स्काईडोम के रूप में एक नया वेन्यू मिलने जा रहा है।

जयपुर से 20 किलोमीटर दूर स्थित कूकस इलाका, जो अपनी शाही और लग्जरी होटलों के लिए जाना जाता है, यहां एयर सपोर्टेड मेम्ब्रेन टेक्नोलॉजी से भारत का पहला 17 क्रिस्टी लेजर प्रोजेक्टर स्काईडोम बनने जा रहा है, जिसकी शुरुआत अक्टूबर माह से होगी। फिलहाल दुनिया की प्रतिष्ठित कंपनी स्काईडोम ने आधिकारिक रूप से इस भव्य स्काईडोम की 3D इमेज के साथ इसे जयपुर में बनाने की घोषणा की है और इस प्रोजेक्ट पर कंपनी द्वारा कार्य शुरू कर दिया गया है।

पिंक सिटी में तैयार होने वाले इस खास स्काईडोम को परमानेंट इमर्सिव इवेंट वेन्यू के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें 360 डिग्री प्रोजेक्शन के जरिए पूरा डोम ही स्क्रीन की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी जिस जगह पर गेस्ट बैठेंगे, उसी जगह की वॉल और छत इवेंट की थीम के हिसाब से बदलती नजर आएंगी। कभी पूरा डोम जंगल जैसा दिखेगा, कभी तारों भरा आसमान और कभी कोई दूसरा विजुअल एक्सपीरियंस लोगों को यहां देखने को मिलेगा।

आपको बता दें कि जयपुर में डेस्टिनेशन वेडिंग हो या लाइव कॉन्सर्ट या फिर आईफा जैसे बड़े इवेंट्स, इन भव्य इवेंट्स के लिए अलग-अलग वेन्यू पर भव्य स्टेज तैयार किए जाते हैं जहां करोड़ों रुपये का खर्च आता है। लेकिन जयपुर में तैयार हो रहा यह खास स्काईडोम अपने आप में इमर्सिव इवेंट वेन्यू है, जहां लाइटिंग, साउंड और टेक्नोलॉजी के जरिए दर्शकों को ऐसा महसूस होगा जैसे वे असल में उस कहानी या उस वातावरण में प्रवेश कर गए हैं।

इस हाइटेक स्काईडोम की कई खूबियां हैं जैसे- यह डोम 60 मीटर चौड़ाई और 21 मीटर ऊंचाई के साथ आएगा। इसमें लोगों के लिए 30 हजार स्क्वायर फीट का इवेंट स्पेस होगा, जहां एक साथ 5 हजार से अधिक लोगों की कैपेसिटी होगी। इसके अलावा डोम के बाहर 30 हजार स्क्वायर फीट का लैंडस्केप्ड लॉन, 20 हजार स्क्वायर फीट का बैक-ऑफ-हाउस एरिया और डोम के अंदर 17 क्रिस्टी लेजर प्रोजेक्टर होंगे जो 360 डिग्री प्रोजेक्शन मैपिंग के साथ इसका आकर्षण बढ़ाएंगे। इससे वेन्यू पर संगीत समारोहों, शादियों, लाइव मनोरंजन और अनुभवात्मक कार्यक्रमों का एक बिल्कुल नया रूप देखने को मिलेगा। साथ ही डोम के अंदर राजस्थान की कल्चरल ब्यूटी, मॉडर्न टेक्नोलॉजी और इमर्सिव स्टोरीटेलिंग का अनुभव भी एक ही जगह मिलेगा।

जयपुर के कूकस में पिंक सिटी के लिए डिजिटल तकनीक का नया युग शुरू होने जा रहा है, जिसका गवाह यह खास स्काईडोम होगा। यह सिर्फ एक डोम नहीं, बल्कि इंडिया का पहला और लार्जेस्ट परमानेंट इमर्सिव इवेंट डोम होगा। जहां दर्शकों को वेन्यू के रूप में एक ऐसा एक्सपीरियंस मिलेगा, जहां इंडिया की कहानी, उसकी हेरिटेज, कल्चर, नेचर और स्पेस का मैजिक सब कुछ एक ही डोम के अंदर देखने, सुनने और महसूस करने को मिलेगा। इसीलिए जयपुर इस डोम के जरिए एक नया एक्सपीरियंस देने जा रहा है।

आपको बता दें कि यह एयर सपोर्टेड मेम्ब्रेन टेक्नोलॉजी से बना है, यानी बिना किसी पिलर या बीम की मदद से बनाया जाने वाला खास डोम, जिसे खासतौर पर 86% साउंडप्रूफ, 30 से 70 डिग्री सेल्सियस टेम्परेचर और 80 से 120 किमी प्रति घंटे की हवा की रफ्तार को देखते हुए डिजाइन किया गया है।

जयपुर शहर सिर्फ अपनी सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के लोगों के लिए डेस्टिनेशन वेडिंग, कॉर्पोरेट इवेंट, कॉन्फ्रेंस, कॉन्सर्ट, लाइव एंटरटेनमेंट, फैशन शो, एग्जीबिशन और कल्चरल प्रोग्राम आयोजित करने के लिए पहली पसंद बनकर उभरा है। पिछले 3 वर्षों में जयपुर में 8-10 लाइव कॉन्सर्ट्स और आईफा अवार्ड्स की मेजबानी इस बात की गवाह है।

जयपुर भारत के तमाम शहरों को पीछे छोड़ते हुए वेडिंग और हॉस्पिटैलिटी डेस्टिनेशन के तौर पर अपनी जगह बना चुका है। अब जयपुर में बड़े इवेंट्स के लिए ऐसा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की जरूरत है, जो नई टेक्नोलॉजी और बड़े एक्सपीरियंस को सपोर्ट कर सके। इसलिए जयपुर में बन रहा यह स्काईडोम इसी दिशा में एक सुनहरा कदम है।