Home राजनीति ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल की जनता पर ही विश्वास नहीं :...

ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल की जनता पर ही विश्वास नहीं : मंगल पांडेय…

2
0

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का अब प्रदेश की जनता और उनके जनादेश पर से विश्वास उठ चुका है।

मीडिया से मुखातिब होते हुए पांडेय ने कहा कि चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, लेकिन ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को इन संवैधानिक प्रयासों पर आपत्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चुनावों में प्रशासन और पुलिस बल के कथित दुरुपयोग, मतदाताओं को डराने और अवैध घुसपैठियों को मताधिकार देने जैसे हथकंडों के सहारे सत्ता हासिल की जाती रही है। भाजपा नेता ने जोर देकर कहा कि चुनाव आयोग की सक्रियता के कारण इस बार उनके ऐसे मंसूबे सफल नहीं होंगे।

उन्होंने कहा कि जब उनकी दाल गल नहीं रही है, पश्चिम बंगाल की जनता उनके खिलाफ है, जनता सत्ता बदलना चाहती है, तो वे व्यवस्थाओं पर चोट कर रही हैं। चुनाव आयोग हमेशा निष्पक्ष चुनाव कराता रहा है। हाल ही में बिहार में भी निष्पक्ष चुनाव कराए हैं। इसके बावजूद चुनाव आयोग पर बेमतलब का आरोप लगाना ममता बनर्जी की आदत बन गई है।

उन्होंने कहा कि वहां की जनता भी देख रही है कि चुनाव आयोग निष्पक्षता के साथ काम कर रहा है, इसलिए ममता बनर्जी को ऐसी चीजों को छोड़कर जनता के बीच जाना चाहिए। लोकतंत्र में जनता ही मालिक होती है, जनता ही वोट देती है, लेकिन जनता पर से ही उनको विश्वास उठ गया है। जनता के वोट पर उन्हें भरोसा नहीं है। उन्हें मैनिपुलेशन पर भरोसा रहता है।

इधर, पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत को लेकर मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी पूरे वैश्विक स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। भारतीय जनता को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो, यह पीएम मोदी और सरकार की प्राथमिकता है। जनता को उन्होंने आश्वस्त भी किया है कि देश में किसी चीज की कमी नहीं है।