Home समाचार बंगाल चुनाव: पश्चिम बंगाल की जनता को पीएम मोदी ने दी 6...

बंगाल चुनाव: पश्चिम बंगाल की जनता को पीएम मोदी ने दी 6 गारंटी…

3
0

PM Modi West Bengal Rally: पश्चिम बंगाल के हल्दिया की धरती पर पीएम मोदी की जनसभा ने वादों की चिंगारी को एक बार फिर हवा दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता के सामने वादों की झड़ी लगा दी है। हल्दिया में प्रधानमंत्री को सुनने आई भीड़ को उन्होंने ‘परिवर्तन की आंधी’ कहा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब एक ऐसी सरकार को विदा किया जाए जो जनता के प्रति संवेदनशील नहीं रही। पीएम मोदी ने बंगाल की जनता को 6 गारंटी भी दी। जानिए पीएम ने क्या कहा-

सरकारी सिस्टम में जवाबदेही होगी तय

हल्दिया की जनसभा में प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी सतीश चंद्र सामंता के साहस को याद किया, जिन्होंने कभी अंग्रेजों की सत्ता को चुनौती दी थी। इसी ऐतिहासिक भूमि से मोदी ने अपनी पहली बड़ी गारंटी देते हुए कहा कि भाजपा की सरकार राज्य में डर का माहौल खत्म करेगी। लोग अब भय के साये में नहीं, बल्कि भरोसे के साथ जिएंगे और कानून का राज एक बार फिर मजबूती से स्थापित होगा।

इसके साथ ही, उन्होंने सरकारी तंत्र में बड़े सुधार का वादा किया है।

उनकी दूसरी गारंटी यह है कि सरकारी सिस्टम अब केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वह जनता की सेवा के लिए पूरी तरह जवाबदेह बनाया जाएगा। एक आम नागरिक के लिए इसका मतलब है कि उसे अपने काम के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

खुलेगी हर रेपकांड की फाइल

बंगाल की माताओं और बहनों की सुरक्षा को प्रधानमंत्री ने अपनी राजनीति के केंद्र में रखा है। उन्होंने अपनी तीसरी और चौथी गारंटी में भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ निर्णायक जंग का ऐलान किया है। मोदी ने साफ कहा कि राज्य में हुए हर घोटाले, महिलाओं के साथ हुए अन्याय और हर एक बलात्कार के मामले की फाइल दोबारा खोली जाएगी ताकि दोषियों को सजा मिल सके।

प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि

टीएमसी के शासन में जनता का पैसा लूटने वाले अब जेल की सलाखों के पीछे होंगे। चाहे वह कोई बड़ा मंत्री हो या शासन का कोई छोटा हिस्सा, कानून किसी को भी नहीं बख्शेगा। ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मंत्र के साथ उन्होंने वादा किया कि बंगाल में अब लुटेरों का हिसाब करने का वक्त आ गया है।

सातवां वेतन आयोग के साथ घुसपैठियों पर बड़ा बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी अंतिम दो गारंटियों के जरिए समाज के दो अलग-अलग वर्गों को बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ किया कि जो लोग शरणार्थी के रूप में यहां रह रहे हैं, उन्हें संविधान के तहत हर अधिकार दिया जाएगा, लेकिन देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले घुसपैठियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्हें बाहर निकाला जाएगा।

इसके अलावा, राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए उन्होंने एक बड़ी खुशखबरी दी है। मोदी ने छठी गारंटी देते हुए वादा किया कि भाजपा की सरकार बनते ही बंगाल में ‘सातवां वेतन आयोग’ लागू कर दिया जाएगा। अपनी बात खत्म करते हुए उन्होंने 23 अप्रैल को भारी संख्या में मतदान करने की अपील की ताकि हर बूथ पर कमल खिल सके और बंगाल एक नई दिशा की ओर कदम बढ़ा सके।