भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) की डिमांड तेजी से बढ़ रही है और इसी को ध्यान में रखते हुए हुंडई मोटर कंपनी और TVS मोटर कंपनी ने एक बड़ा कदम उठाया है. दोनों कंपनियों ने मिलकर भारतीय बाजार के लिए एक नया इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर (E3W)+ E4Wबनाने का फैसला किया है.
इसके लिए दोनों के बीच एक जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट साइन हुआ है.
इस साझेदारी की शुरुआत तब हुई जब दोनों कंपनियों ने भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्स्पो 2025 में अपने इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर का प्रोटोटाइप पेश किया था. इस प्रोटोटाइप में कई एडवांस फीचर्स देखने को मिले थे, जिससे साफ हो गया था कि यह वाहन खास तौर पर भारतीय जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है.
कौन कंपनी क्या काम करेगी?
इस प्रोजेक्ट में हुंडई डिजाइन की जिम्मेदारी संभालेगी, यानी वाहन का लुक, स्टाइल और ओवरऑल डिजाइन हुंडई तैयार करेगी. वहीं TVS अपने इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म और थ्री-व्हीलर के अनुभव के आधार पर इस गाड़ी के डेवलपमेंट में मदद करेगी. इसके अलावा, TVS ही इस इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर का मैन्युफैक्चरिंग और भारत में सेल्स भी संभालेगी. भविष्य में इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल एक्सपोर्ट के लिए भी किया जा सकता है.
भारत के हिसाब से तैयार होगा E3W
कंपनियों का कहना है कि यह इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर खास तौर पर भारतीय सड़कों और मौसम के अनुसार डिजाइन किया जाएगा. इसमें खराब सड़कों के लिए एडजस्टेबल ग्राउंड क्लियरेंस, ज्यादा गर्मी में बेहतर परफॉर्मेंस के लिए एडवांस थर्मल मैनेजमेंट साथ ही पैसेंजर और कार्गो दोनों के लिए अलग-अलग इंटीरियर ऑप्शन शामिल होंगे.
मेक इन इंडिया पर जोर
दोनों कंपनियां इस प्रोजेक्ट में ज्यादा से ज्यादा पार्ट्स भारत में ही बनाएंगी और सोर्स करेंगी. इससे लागत कम होगी, सप्लाई चेन बेहतर बनेगी और आफ्टर-सेल्स सर्विस भी आसान होगी. हुंडई के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जूंगसुन को के अनुसार, यह साझेदारी भारत के ट्रांसपोर्ट सिस्टम में कंपनी की भागीदारी को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. वहीं TVS के शरद मिश्रा ने कहा कि यह प्रोजेक्ट भारत के साथ-साथ अन्य उभरते बाजारों के लिए भी उपयोगी साबित होगा. इस साझेदारी से तैयार होने वाला पहला इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर भारत में ही लॉन्च किया जाएगा. इससे देश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.



