Delhi Vivek Vihar fire Live: इसमें 9 झुलसे हुए शव अलग-अलग जगहों से बरामद किए गए. 1 शव को पहली मंजिल, 5 शवों को दूसरी मंजिल, और 3 शवों को सीढ़ियों की मुमटी जो बंद पाई गई थी वहां से बरामद किया गया है.
पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में एक इमारत के अंदर आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई है. घटना के बाद मौके पर राहत-बचाव का काम जारी है. शाहदरा के विवेक विहार स्थित एक चार मंजिला इमारत में आग लग गई. आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की ओर से काबू पाने के प्रयास जारी हैं. फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं.
आग बिल्डिंग के छह फ्लैट्स के अंदर घरेलू सामान में लग गई थी. इसमें 9 झुलसे हुए शव अलग-अलग जगहों से बरामद कर लिए गए हैं. 1 शव को पहली मंजिल, 5 शवों को दूसरी मंजिल, और 3 शवों को सीढ़ियों की मुमटी जो बंद पाई गई थी वहां से बरामद किया गया है. दिल्ली पुलिस द्वारा सभी शवों को क्राइम टीम को सौंप दिया गया है. फिलहाल घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है.
यह आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई फ्लोर इसकी चपेट में आ गए. जानकारी के मुताबिक, यह आग विवेक विहार फेज-1 के एक बहुमंजिला मकान में लगी थी. फायर कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना तड़के 3:48 बजे मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बिल्डिंग के दूसरे, तीसरे और चौथे फ्लोर पर आग लगी हुई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल की करीब 12 से 14 गाड़ियां मौके पर लगाई गईं.
राहत-बचाव दलों ने शुरू किया प्रयास
फायर ब्रिगेड, पुलिस, क्राइम टीम, ट्रैफिक पुलिस और डीडीएमए की टीम ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसके बाद भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा, खासकर ऊपरी मंजिलों पर, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अंदर फंसा न रह जाए.
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आग लगने की कॉल मिली थी और तुरंत टीम मौके पर पहुंच गई थी. उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे लगे, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. बचाव कार्य के दौरान करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया.
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
वहीं, कुछ अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस आग में कुल नौ लोगों की जान चली गई. यह संख्या और बढ़ भी सकती है, क्योंकि अभी सर्च ऑपरेशन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला. कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे, जबकि कुछ लोग अंदर ही फंस गए थे.फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस और जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं.



