Home प्रदेश ‘BJP अगर 500-700 वोटों से आगे हो तो दोबारा गिनती की मांग...

‘BJP अगर 500-700 वोटों से आगे हो तो दोबारा गिनती की मांग करें’, ममता बनर्जी का TMC कार्यकर्ताओं को संदेश’

1
0

ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतगणना केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने और एकजुट होकर काम करने को कहा. टीएमसी सूत्रों के अनुसार ममता बनर्जी ने मतगणना के दौरान कड़ी निगरानी पर विशेष जोर दिया.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के काउंटिंग एजेंटों को निर्देश दिया कि वे उन बूथों पर तत्काल दोबारा गिनती की मांग करें, जहां बीजेपी 500-700 वोटों के अंतर से आगे चल रही हो.

मुख्यमंत्री ने सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं और मतगणना एजेंटों के साथ हुई एक वर्चुअल बैठक के दौरान ये निर्देश जारी किए. उन्होंने मतगणना एजेंटों को सलाह दी कि वे रविवार रात मतगणना केंद्रों के पास ही रुकें, ताकि सोमवार को वे समय पर वहां पहुंच सकें. डेढ़ घंटे चली इस बैठक के दौरान उन्होंने तालमेल और सतर्कता की आवश्यकता पर जोर दिया.

मतगणना केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने के निर्देश

आईएएनएस के मुताबिक सीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतगणना केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने और एकजुट होकर काम करने को कहा. उन्होंने मतगणना प्रक्रिया के दौरान ध्यान रखने योग्य प्रमुख बातों के बारे में भी उन्हें जानकारी दी. टीएमसी सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी ने मतगणना के दौरान कड़ी निगरानी पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर बीजेपी 500-700 वोटों से लेकर 1 हजार वोटों तक के अंतर से आगे चल रही हो, वहां तत्काल वोटों की दोबारा गिनती की मांग उठाई जानी चाहिए.

200 से अधिक सीटें जीतेगी पार्टीममता

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने विश्वास जताया कि पार्टी 200 से अधिक सीटें जीतेगी, लेकिन साथ ही आगाह भी किया कि मतगणना के दौरान सतर्कता में कोई ढील नहीं बरती जानी चाहिए. उन्होंने निर्देश दिया कि 4 मई को जब तक वह मीडिया को संबोधित न कर लें, तब तक पार्टी का कोई भी एजेंट मतगणना केंद्र छोड़कर न जाए. उन्होंने सलाह दी कि जिन निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना केंद्र ग्रामीण या दूरदराज के इलाकों में स्थित हैं, वहां उम्मीदवार, उनके एजेंट और मतगणना एजेंट रविवार को ही उस जगह पर पहुंच जाएं.

उन्होंने एजेंटों को यह भी सलाह दी कि जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़े, वे कार्यवाही को दर्ज करने के लिए अपने साथ नोटबुक और पेन रखें. सूत्रों के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर और बांकुरा के पार्टी के कई उम्मीदवारों ने रविवार रात को मतगणना केंद्रों के पास ही ठहरने की व्यवस्था पहले ही कर ली है. सूत्रों की मानें तो तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि जिन एग्जिट पोल में बीजेपी को आगे दिखाया जा रहा है, उनका मकसद शेयर बाजार को प्रभावित करना है.

क्या बोले अभिषेक बनर्जी 

उन्होंने दावा किया कि 2021 के विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान भी इसी तरह के रुझान देखने को मिले थे. बीजेपी पर तंज कसते हुए उन्होंने दावा किया कि पार्टी को खुद भी पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने की उम्मीद नहीं है. अभिषेक बनर्जी ने आगे आरोप लगाया कि बीजेपी ने उन सर्वेक्षणों के माध्यम से वित्तीय हेरफेर का सहारा लिया है, जिन्हें उन्होंने गुमराह करने वाला बताया. पार्टी के प्रदर्शन का अनुमान लगाते हुए उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के 2021 की तुलना में अधिक सीटें जीतने की संभावना है, जब उसने 215 सीटें हासिल की थीं.