कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने पेपर लीक और SIR मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कॉकरोच जनता पार्टी पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि असली विपक्ष सड़क पर लड़ रहा है.
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने पेपर लीक, SIR और विपक्ष की राजनीति को लेकर केंद्र सरकार के साथ-साथ कॉकरोच जनता पार्टी पर भी तीखा हमला बोला. बातचीत के दौरान कन्हैया कुमार ने कहा कि असली लड़ाई सड़क पर लड़ी जा रही है, जबकि कुछ लोग सिर्फ सोशल मीडिया पर राजनीति कर रहे हैं.
‘कॉकरोच जनता पार्टी सिर्फ रील बना रही’
बातचीत के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा उनके कॉकरोच जनता पार्टी वाले बयान की रही. कन्हैया कुमार ने कहा, “कॉकरोच जनता पार्टी विपक्ष का स्पेस नहीं खा रही है. रील बनाने वाले लोग हैं. विपक्ष सड़क पर है. अभी कॉकरोच जनता पार्टी दल नहीं बनी है. मेरी उनको शुभकामना है कि वह दल बनाए और जमीन पर जाये. सिर्फ रील के माध्यम से राजनीति नहीं होती.”
कन्हैया कुमार ने साफ तौर पर कहा कि राजनीति सिर्फ सोशल मीडिया और वीडियो बनाने से नहीं चलती, बल्कि जनता के मुद्दों पर जमीन पर संघर्ष करना पड़ता है.
पेपर लीक पर सरकार को घेरा
कन्हैया कुमार ने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा, पेपर लीक के मामले पर सरकार चुप क्यों है. मोदी जी प्रधान को क्यों बचा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से लगातार खिलवाड़ हो रहा है और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है. उन्होंने कहा, “पेपर लीक के खिलाफ युवा सड़क पर रहेगा. हम आने वाले वक्त पर सड़क पर विरोध प्रदर्शन और तेज करेंगे.”
कन्हैया कुमार ने कहा कि बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी से युवाओं में भारी नाराजगी है और विपक्ष इस आवाज को लगातार उठाता रहेगा.
SIR और चुनाव आयोग पर भी सवाल
बिहार और पश्चिम बंगाल में वोटिंग प्रक्रिया को लेकर भी कन्हैया कुमार ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा, “बिहार और पश्चिम बंगाल में वोट चोरी हुआ है. सुप्रीम कोर्ट का रही है कि SIR वैध है लेकिन राहुल गांधी ने सबूत के साथ बताया है कि चुनाव आयोग ने किस तरीके से धांधली की है.”
उन्होंने दावा किया कि विपक्ष लगातार चुनावी गड़बड़ियों को लेकर जनता के बीच जा रहा है और इस मुद्दे पर भी आंदोलन जारी रहेगा.



