Home देश NEET Leak के बाद फिर न हो चूक, सरकार अब उठाएगी बड़ा...

NEET Leak के बाद फिर न हो चूक, सरकार अब उठाएगी बड़ा कदम…

2
0

NEET Paper Leak: भविष्य में प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई और संरक्षण की जिम्मेदारी सेना को दी जा सकती है, ताकि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके.

NEET पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा कदम उठाने पर विचार कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, भविष्य में प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई और संरक्षण की जिम्मेदारी सेना को दी जा सकती है, ताकि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके और परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनी रहे.

नीट परीक्षा को और सुरक्षित बनाने पर मंथन
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर नीट परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने को लेकर अहम बैठक हुई. बैठक में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ CBSE और NTA के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. सूत्रों के मुताबिक, छात्रों को हो रही परेशानियों को कम करने, परीक्षा प्रक्रिया को फुलप्रूफ बनाने और भविष्य में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

कोचिंग सेंटर के संस्थापक की सीबीआई हिरासत एक दिन के लिए बढ़ाई
उधर, दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले में कोचिंग सेंटर के संस्थापक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर की सीबीआई हिरासत को एक दिन के लिए बढ़ा दिया. सीबीआई के विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने हिरासत की अवधि बढ़ा दी.एजेंसी ने अदालत को बताया कि अन्य सह-आरोपियों से आमना-सामना कराने, महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद करने और आरोपी की भूमिका स्थापित करने के लिए आगे की हिरासत में पूछताछ आवश्यक है. रेणुकाई करियर सेंटर के संस्थापक मोटेगांवकर को 17 मई की शाम को लातूर में गिरफ्तार किया गया था और अदालत ने अगले दिन उन्हें नौ दिनों की सीबीआई हिरासत में भेज दिया था.

क्या कहा सीबीआई ने?
सीबीआई ने अपने हिरासत आवेदन में कहा था, ‘वह नीट-स्नातक परीक्षा 2026 के प्रश्न पत्रों के लीक होने और प्रसारित होने में शामिल है और अन्य आरोपियों के साथ साजिश रचकर उसने परीक्षा से पहले यानी 23 अप्रैल, 2026 को रसायन विज्ञान के प्रश्न और उत्तर प्राप्त कर लिए थे.’ सीबीआई ने इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मोटेगांवकर गिरफ्तार होने वाले दसवें व्यक्ति थे.

21 जून को फिर से होगी परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 12 मई को फैसला लिया कि तीन मई को चिकित्सा स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिये आयोजित की गयी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक होने के आरोपों के कारण स्थगित किया जाए. पुन: परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी.