Home विदेश पाकिस्तान उच्चायोग ने 737 भारतीय तीर्थयात्रियों को वीजा जारी…

पाकिस्तान उच्चायोग ने 737 भारतीय तीर्थयात्रियों को वीजा जारी…

2
0

पाकिस्तान उच्चायोग ने 737 भारतीय तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किए हैं. एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई. सालाना उत्सव 10 से 19 जून तक आयोजित किया जाएगा.

पाकिस्तान में पांचवें सिख गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस को लेकर आयोजित होने वाले वार्षिक उत्सव में शामिल होने के इच्छुक भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए अच्छी खबर है. पाकिस्तान उच्चायोग ने 737 भारतीय तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किए हैं. एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई. सालाना उत्सव 10 से 19 जून तक आयोजित किया जाएगा.

पवित्र तीर्थस्थलों में टेक सकेंगे मत्था

नयी दिल्ली स्थित पाक उच्चायोग ने सोमवार  (8 जून) को जारी बयान में यह घोषणा की. बयान के मुताबिक, पाकिस्तान उच्चायोग ने भारत से आने वाले 737 तीर्थयात्रियों को पाकिस्तान में 10 से 19 जून तक आयोजित होने वाले वार्षिक उत्सव में भाग लेने के लिए वीजा जारी किए हैं.तीर्थयात्री इस यात्रा के दौरान गुरुद्वारा पंजा साहिब, गुरुद्वारा ननकाना साहिब और गुरुद्वारा करतारपुर साहिब सहित अन्य तीर्थस्थलों में मत्था टेकेंगे.

पाक उच्चायुक्त ने दीं शुभकामनाएं

भारत में पाकिस्तान के कार्यवाहक उच्चायुक्त साद अहमद वाराइच तीर्थयात्रियों को सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं. भारतीय श्रद्धालुओं को वीजा जारी करना 1974 के धार्मिक स्थलों की यात्रा संबंधी द्विपक्षीय प्रोटोकॉल को पूरी तरह से लागू करने की पाकिस्तान सरकार की जिम्मेदारी के अनुरूप है.

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को मिले 541 सिख तीर्थयात्रियों के वीजा

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को 541 सिख तीर्थयात्रियों के वीजा मिले हैं, जो पांचवें सिख गुरु अर्जन देव की शहादत की वर्षगांठ के मौके पर ऐतिहासिक सिख तीर्थस्थलों पर दर्शन करने के लिए पाकिस्तान की यात्रा करेंगे.

10 जून को रवाना होगा तीर्थयात्रियों का जत्था

एसजीपीसी की धर्म प्रचार समिति के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने सोमवार ( 8 जून) को यहां बताया कि सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था ने 561 तीर्थयात्रियों के पासपोर्ट नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास में जमा कर दिए हैं. तीर्थयात्रियों का जत्था बुधवार को एसजीपीसी मुख्यालय से रवाना होगा. मथरेवाल ने कहा कि जिन तीर्थयात्रियों के वीजा स्वीकृत हो गए हैं, उन्हें 9 जून को कार्यालयीन समय के दौरान एसजीपीसी कार्यालय से अपने पासपोर्ट प्राप्त कर लेने चाहिए.