अगर आपके घर में छोटा-सा बैकयार्ड, खाली कोना या थोड़ी सी खुली जगह है, तो आप वहां अपना मिनी वेजिटेबल गार्डन तैयार कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि कुछ ऐसी सब्जियां भी होती हैं जो केवल 15 से 20 दिनों में तैयार होने लगती हैं।
इससे न केवल ताजी और ऑर्गेनिक सब्जियां मिलती हैं, बल्कि गार्डनिंग का आनंद भी दोगुना हो जाता है। आज हम आपको ऐसी जल्दी बढ़ने वाली सब्जियों के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप अपने बैकयार्ड में आसानी से उगा सकते हैं। आजकल बाजार में मिलने वाली सब्जियों में केमिकल और पेस्टिसाइड्स का इस्तेमाल आम हो गया है। ऐसे में घर पर उगाई गई सब्जियां ज्यादा सेफऔर ताजी होती हैं। इसके अलावा, गार्डनिंग तनाव कम करने और प्रकृति के करीब रहने का शानदार तरीका भी है। थोड़ी-सी जगह और नियमित देखभाल से आप अपने परिवार के लिए रोजाना ताजी सब्जियां उगा सकते हैं।
15-20 दिनों में तैयार हो जाएगी मेथी
मेथी सबसे तेजी से बढ़ने वाली हरी सब्जियों में से एक है। इसके बीज सीधे मिट्टी में बोए जा सकते हैं और कुछ ही दिनों में अंकुर निकल आते हैं। लगभग 15 से 20 दिनों के भीतर इसकी कोमल पत्तियां कटाई के लिए तैयार हो जाती हैं। मेथी को ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती। बस मिट्टी को हल्का नम रखें और रोजाना कुछ घंटों की धूप मिलने दें।
धनिया आसानी से उगाएं
धनिया लगभग हर भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है। इसके बीज बोने के बाद 15 से 20 दिनों में ताजी पत्तियां मिलने लगती हैं। बेहतर अंकुरण के लिए बीजों को हल्का तोड़कर बोना चाहिए।धनिया की पत्तियां सलाद, चटनी और सब्जियों में स्वाद बढ़ाने का काम करती हैं।
मूली की पत्तियां और माइक्रोग्रीन्स
हालांकि मूली की जड़ बनने में थोड़ा समय लगता है, लेकिन इसकी हरी पत्तियां 20 दिनों के भीतर उपयोग के लिए तैयार हो जाती हैं। इसके अलावा मूली के माइक्रोग्रीन्स भी बहुत पौष्टिक माने जाते हैं। माइक्रोग्रीन्स उगाने के लिए गहरे गमले की भी जरूरत नहीं पड़ती। एक ट्रे में भी इन्हें आसानी से उगाया जा सकता है।
तेजी से बढ़ने वाली हरी सब्जी पालक
पालक भी मिनी वेजिटेबल गार्डन के लिए बेहतरीन ऑप्शन है। इसके बीज बोने के लगभग 18 से 20 दिनों के भीतर कोमल पत्तियां कटाई योग्य हो जाती हैं। पालक में आयरन, फाइबर और कई जरूरी विटामिन पाए जाते हैं, इसलिए इसे घर पर उगाना स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है।
सलाद प्रेमियों के लिए बेस्ट लेट्यूस
अगर आप सलाद खाना पसंद करते हैं, तो लेट्यूस जरूर उगाएं। इसकी कुछ किस्में 20 दिनों के भीतर छोटी-छोटी पत्तियां देने लगती हैं। नियमित कटाई करने पर यह लंबे समय तक प्रोडक्शन देता रहता है।
किचन वेस्ट से उगाएं हरा प्याज
हरा प्याज उगाने के लिए नए बीज खरीदने की भी जरूरत नहीं होती। बाजार से लाए गए प्याज के सफेद जड़ वाले हिस्से को मिट्टी में लगा दें। कुछ ही दिनों में नई हरी पत्तियां निकलने लगेंगी। यह तरीका कम खर्चीला होने के साथ-साथ पर्यावरण फ्रेंडली भी है।
सरसों के माइक्रोग्रीन्स
सरसों के बीजों से उगाए गए माइक्रोग्रीन्स केवल 10 से 15 दिनों में तैयार हो जाते हैं। इनमें भरपूर पोषण होता है और इन्हें सलाद, सैंडविच तथा सूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। ध्यान रखें जल्दी बढ़ने वाली सब्जियों के लिए मिट्टी का उपजाऊ होना जरूरी है। गार्डन सॉइल, वर्मी कम्पोस्ट और कोकोपीट का मिश्रण सबसे अच्छा माना जाता है। हर 15 दिन में जैविक खाद डालने से पौधों की ग्रोथ बेहतर होती है। अधिकतर सब्जियों को रोजाना कम से कम 4 से 6 घंटे धूप की जरूरत होती है। साथ ही मिट्टी को हमेशा हल्का नम रखें।



