राजनांदगांव। हमारे कार्यकर्ता बूथ पर मेहनत करते हैं और हम बूथ को जीतने के साथ ही चुनाव जीत जाते हैं…।
पर अभी हमे बूथ पर पहले से ज्यादा काम करना है और बूथ पर कार्यक्रमों को आयोजित कर लोगों को जोड़ना है। इसी तरह पार्टी के हर कार्य को बूथ पर पहुंचाना हम सभी का कर्त्तव्य है। इसके अलावा सरकार की योजनाओं से अंतिम छोर के हितग्राहियों को लाभ दिलाना भी हमारा परम दायित्व है। ये सभी कार्य सफलता का मंत्र है, जिसकी बदौलत हम मोदी जी के 2047 विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में अपना योगदान दे सकते हैं।
यह बात भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने शुक्रवार को सोमनी के ब्लिस होटल में जिले की बैठक को संबोधित करते हुए कही। कार्य समिति की बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री जामवाल ने कहा कि हमारे ऊर्जावान कार्यकर्ताओं की बदौलत आज पार्टी शिखर पर पहुंची है। बूथ से लेकर राज्य और देश की सर्वोच्च इकाई तक हम आगे बढ़ रहे है। इस अनुकूलता में हमारी सबसे छोटी इकाई बूथ सबसे मजबूत होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी के करणीय कार्यो का अनुपालन जरूरी है।श्री जामवाल ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिल रहा है। हमें इन लाभार्थियों से निरंतर संपर्क करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी देश के साथ-साथ दुनिया पर नजर रखते हैं और सरकार की योजनाओं के विषय मे निरंतर आम जनता से संवाद करते हैं। हमें भी उसी प्रकार बूथ स्तर पर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ तथा उपलब्धियों की जानकारी जनता को देना है।
उन्होंने कहा कि लाभार्थी से सम्पर्क अभियान हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। श्री जामवाल ने कहा कि आज हमारा संगठन इस मुकाम पर है, यह वरिष्ठजनों की मेहनत का नतीजा है। जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक पार्टी के इस विराट रूप के पीछे कार्यकर्ताओं की भूमिका है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में गांव-गांव सम्पर्क कर और कांग्रेस सरकार की यातनाएं सहकर पार्टी की सेवा में अपना जीवन न्योछावर किया।
ऐसे सभी कार्यकर्ताओं से संपर्क और उनका सम्मान करना हमारा दायित्व है। कार्य समिति की बैठक में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव, संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिले के प्रभारी जितेंद्र वर्मा, खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव उपस्थित रहे।
बैठक में अध्यक्षीय प्रतिवेदन देते हुए कोमल सिंह राजपूत ने अपने मंडल,शक्ति केंद्र, बूथ स्तर की स्थिति और कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा आगामी विधानसभा में जीत हेतु कार्य योजना के बारे में बताया । कार्यक्रम का सफल संचालन तरुण लहरवानी डिकेश साहू एवं आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष भावेश बैद ने किया। बैठक में वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी एवं मोर्चा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता शामिल हुए।
संपर्क, संवाद और समन्वय के साथ काम करते हुए आगे बढ़े
जिला कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए श्री जामवाल जी ने कहा कि भाजपा की सरकारें हर गरीब को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाती है। समाज का ऐसा कोई वर्ग और ऐसा कोई घर बाकी नहीं है, जिससे हमारी सरकार की योजना का लाभ न पहुंचा हो। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक पार्टी के कार्यकर्ता योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क करें और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोडने का काम करें। श्री जामवाल ने कहा कि संपर्क, संवाद और समन्वय के साथ काम करते हुए हमें आगे बढ़ना है। हम चुनावी मैदान में उतरें, हमारी हर तैयारी प्रभावी हो। इस हिसाब से कार्ययोजना को मूर्त रूप दें।
जिले की सभी सीटें जीतने का लक्ष्य:- डॉ रमन
कार्य समिति की बैठक में डॉ रमन सिंह जी ने अपने राजनीतिक जीवन की कुछ महत्वपूर्ण घटनाओं से अवगत करा कर पार्टी कार्यकर्ताओं को उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के वक्त इस बार हमें चूकना नहीं है, और जिले की चारों सीट जीतकर इतिहास रचना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता ठान ले तो उसके लिए कोई भी कार्य मुश्किल नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल का ढाई वर्ष पूर्ण हुआ है और सरकार ने अपने अधिकांश वादे पूरे कर दिए हैं। आने वाले समय में और भी तेजी से विकास कार्य होंगे, जिसकी बदौलत भाजपा सरकार 2023 से बड़ी जीत दर्ज करेगी।
बैठक में डॉ रमन सिंह युवा मोर्चा के कार्यकाल की 1980 की पुरानी यादों को साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेने की बात कही । उन्होंने अपने चुटीले अंदाज में राजनीतिक जीवन के अविस्मरणीय पलों को जिक्र कर कार्यकर्ताओ का दिल जीत लिया। उन्होंने बताया कि 1992 में कवर्धा प्रवास के दौरान अटल बिहारी वाजपेई जी का वाहन खराब हो गया और उन्हें कवर्धा में ही उन्हें रात्रि विश्राम करना पड़ा, उस दौरान आरिफ अली जी उनके साथ थे।
उस दौरान डॉ सिंह ने अटल जी से सभा करने का आग्रह किया, जिस पर हामी भरते हुए अटल जी ने सुबह 7 बजे का वक्त सभा के लिए तय किया और एक शर्त भी रखी कि पर्याप्त संख्या होने पर ही वे 5 मिनट संबोधन देंगे। इस चुनौती को डॉ रमन सिंह जी ने स्वीकार किया और रात भर लोगों को सभा में शामिल होने आमंत्रित किया। अगली सुबह 7:00 बजे कवर्धा के गोल चौक में ऐतिहासिक भीड़ उमड़ी और अटल जी ने 5 की जगह 18 मिनट तक सभा को संबोधित किया।
कार्यकर्ताओं एवं जनता के साथ सुख-दुख साझा करूंगा – गजेंद्र यादव
प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा की गौरव की बात है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी ने स्वच्छता अभियान एवं योग के माध्यम से पूरे विश्व में भारत की गरिमा बढ़ाई है । आगामी 2 अगस्त को नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से मोदी जी पूरे भारत में अलख जगाने वाले हैं । उन्होंने कहा कि वह माह में तीन दिन विधानसभा के कार्यकर्ताओं एवं जनता से मुलाकात करेंगे और सुख-दुख साझा करेंगे।



