Home छत्तीसगढ़ cg” वाराणसी की पावन माटी व जल से भरे कलश का राजनांदगांव...

cg” वाराणसी की पावन माटी व जल से भरे कलश का राजनांदगांव में भव्य स्वागत, भाजपा ने शुरू किया समरसता संकल्प अभियान…”

1
0

राजनांदगांव। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान के तहत वाराणसी से लाई गई पावन माटी एवं गंगाजल युक्त कलशों का वितरण मंगलवार को रायपुर के विज्ञान महाविद्यालय परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया गया।

वहां से भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत पवित्र कलश को सम्मानपूर्वक राजनांदगांव लेकर पहुंचे। भाजपा जिला कार्यालय पहुंचते ही कलश का श्रद्धापूर्वक पूजन एवं स्वागत किया गया तथा इसी के साथ ‘समरसता संकल्प अभियान’ का विधिवत शुभारंभ हुआ।

अभियान के अंतर्गत संत गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और सामाजिक सद्भाव के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। यह अभियान 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 (संत रविदास जयंती) तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ संत गुरु रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में समरसता, भाईचारे और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने संपूर्ण जीवन में समता, मानवता, प्रेम और सामाजिक न्याय का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संतों एवं महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से देशभर में समरसता संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है।

वक्ताओं ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आयोजित कलश यात्राओं में हजारों श्रद्धालुओं, मातृशक्ति एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर संत गुरु रविदास जी के समरसता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संदीप भट्टाचार्य, विजय रॉय, योगराज जगने, त्रिगुण टांक, रवि सिन्हा, दीपेश शेंडे, कबीर साहू, साकेत, करण कोसरे, अंकित गढ़वाल, रिभय यादव, रवि बंजारे, मनीष श्रीवास्तव, राजकमल ध्रुव, महेश मोहबे, कृष्णा तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन संत गुरु रविदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता, एकता और सद्भाव को और अधिक सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।