प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा नया संबल, शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में होंगे विद्यार्थी हितैषी नवाचार**
जनभागीदारी समिति की बैठक में कई अहम निर्णय, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण कर दिया हरित परिसर का संदेश**
राजनांदगांव। शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी, महाविद्यालय के अधोसंरचना विकास तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण एवं दूरगामी निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने कहा कि आज उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर बनाना है। महाविद्यालय का प्रत्येक विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सके, इसके लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना जनभागीदारी समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसलिए महाविद्यालय पुस्तकालय के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी), व्यापम एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित नवीनतम एवं उपयोगी पुस्तकों की खरीदी का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
रवि सिन्हा ने कहा कि महाविद्यालय के विकास से जुड़ी विभिन्न स्वीकृत घोषणाओं एवं लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराना भी समिति की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से संबंधित जनप्रतिनिधियों को स्मरण-पत्र भेजकर घोषणाओं के शीघ्र क्रियान्वयन का आग्रह करने का निर्णय लिया गया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक दायित्व बताते हुए महाविद्यालय परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाने का संकल्प भी लिया गया। इसके तहत परिसर में पौधों एवं जैविक खाद की व्यवस्था करने तथा व्यापक पौधारोपण अभियान संचालित करने का निर्णय लिया गया। बैठक के पश्चात समिति के सदस्यों ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिकाधिक वृक्षारोपण का संकल्प दोहराया।
प्रभारी प्राचार्य श्रीमती निर्मला उमरे ने समिति द्वारा लिए गए निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि इन निर्णयों के क्रियान्वयन से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
बैठक में प्रभारी प्रोफेसर अनिल चंद्रवंशी, एस.आर. कन्नौजे तथा जनभागीदारी समिति के सदस्य विनोद डडडा , नमिताभ जैन, सुरेंद्र पाल सिंह भाटिया, पंकज कुंजरेकर, आशीष सूरे , आलोक बिंदल,कोशल शर्मा, गीतेश गुप्ता,जैनम बैद एवं तरुण साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महाविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।



