Home समाचार भारत पर्यटन को बढ़ावा देने की नई पहल” नेटफ्लिक्स और अन्य कंपनियों...

भारत पर्यटन को बढ़ावा देने की नई पहल” नेटफ्लिक्स और अन्य कंपनियों के साथ साझेदारी…

1
0

केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि नेटफ्लिक्स, गूगल, यूट्यूब और एअर इंडिया जैसी निजी कंपनियों के साथ पर्यटन मंत्रालय की साझेदारी भारत के पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा सकती।

शेखावत ने बुधवार को राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (एनजीएमए) में आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही, जहां भारत में नेटफ्लिक्स के 10 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया गया। उन्होंने बताया कि नेटफ्लिक्स ने अपनी कई फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग के लिए भारत के 100 से अधिक स्थानों का चयन किया है।

पिछले वर्ष विश्व पर्यटन दिवस पर, पर्यटन मंत्रालय ने ‘नेटफ्लिक्स एंटरटेनमेंट सर्विसेज इंडिया’ के साथ एक ‘गैर-व्यावसायिक’ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। इसका उद्देश्य सिनेमाई कहानी कहने के माध्यम से भारत के पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में नेटफ्लिक्स के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी टेड सारंडोस भी शामिल हुए।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में कहानी कहने की भूमिका पर चर्चा की। शेखावत ने कहा कि फिल्में, धारावाहिक और नेटफ्लिक्स जैसे प्लेटफार्म भारत की कहानियों को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि ऐसी साझेदारियां अद्भुत परिणाम दे सकती हैं।’

मंत्री ने यह भी कहा कि इस प्रकार की साझेदारियां न केवल भारत को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करेंगी, बल्कि भारतीयों को भी देश के विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा के लिए प्रेरित करेंगी। इस अवसर पर, दोनों पक्षों के सहयोग से विकसित ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ पोर्टल पर ‘ऐज सीन ऑन नेटफ्लिक्स’ नामक एक नया अनुभाग भी शुरू किया गया।

मंत्रालय के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य दुनिया भर के दर्शकों को नेटफ्लिक्स इंडिया की फिल्मों और वेब सीरीज में दिखाए गए वास्तविक पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक परंपराओं और प्रामाणिक अनुभवों से परिचित कराना है। शेखावत ने कहा, ‘नेटफ्लिक्स, इंडिगो, एअर इंडिया, यूट्यूब और गूगल जैसे तकनीकी प्लेटफार्मों के साथ हमारे द्वारा किए गए सभी समझौते गैर-व्यावसायिक हैं। इसके लिए हम उन्हें कोई भुगतान नहीं करते हैं।’

उन्होंने यह भी बताया कि भारत एक विशाल बाजार है, इसलिए इन कंपनियों को यहां कई प्रकार के लाभ मिलते हैं।