Home देश क्या शरीर को सच में डिटॉक्स ड्रिंक्स की जरूरत होती है? जानें...

क्या शरीर को सच में डिटॉक्स ड्रिंक्स की जरूरत होती है? जानें पूरा सच…

2
0

आज के समय में डिटॉक्स ड्रिंक्स का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है. सोशल मीडिया पर कई लोग दावा करते हैं कि ये ड्रिंक्स शरीर की गंदगी बाहर निकालने और जल्दी वजन घटाने में मदद करती हैं. इसी वजह से कई लोग इन्हें अपनी डाइट का हिस्सा भी बना रहे हैं.

हालांकि, किसी भी ऐसे दावे पर भरोसा करने से पहले यह जानना जरूरी है कि इसके पीछे कितनी सच्चाई है.

विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर में पहले से ही ऐसे अंग मौजूद हैं, जो शरीर से बेकार पदार्थों को बाहर निकालने का काम करते हैं. ऐसे में हर व्यक्ति को डिटॉक्स ड्रिंक्स की जरूरत होती है या नहीं, यह समझना जरूरी है. सही जानकारी होने से लोग बिना वजह किसी ट्रेंड को अपनाने से बच सकते हैं. आइए जानते हैं क्या शरीर को सच में डिटॉक्स ड्रिंक्स की जरूरत होती है और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें.

क्या शरीर को सच में डिटॉक्स ड्रिंक्स की जरूरत होती है?

अमेरिका के नेशनल सेंटर फॉर कॉम्प्लीमेंटरी एंड इंटीग्रेटिव हेल्थ (NCCIH) के अनुसार, शरीर को साफ करने के लिए डिटॉक्स ड्रिंक्स की जरूरत होने के दावों के पीछे पर्याप्त वैज्ञानिक सबूत नहीं हैं. शरीर में पहले से ही लिवर, किडनी, पाचन तंत्र और त्वचा जैसे अंग मौजूद हैं, जो बेकार पदार्थों को बाहर निकालने का काम करते हैं. इसलिए ज्यादातर स्वस्थ लोगों में शरीर खुद यह काम करता रहता है.

अब तक ऐसे ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिले हैं, जिनसे यह साबित हो कि डिटॉक्स ड्रिंक्स शरीर की सफाई करती हैं या जल्दी वजन घटाने में मदद करती हैं. कुछ लोग कई दिनों तक सिर्फ डिटॉक्स ड्रिंक्स पीकर शरीर साफ करने की कोशिश करते हैं, लेकिन ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है. इसलिए सोशल मीडिया में किए गए हर दावे पर भरोसा करने की बजाय सही जानकारी लेना और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होता है.

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित खानपान अपनाएं, पर्याप्त पानी पिएं, अच्छी नींद लें और शारीरिक रूप से एक्टिव रहें. फल, सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन से भरपूर चीजों को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं. धूम्रपान और शराब से दूरी बनाए रखें.

अगर वजन कम करना या शरीर को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो किसी एक ड्रिंक पर निर्भर रहने की बजाय हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. अगर आप डिटॉक्स ड्रिंक्स या शरीर साफ करने का कोई तरीका अपनाना चाहते हैं, तो पहले डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होगा.

किन लोगों को डिटॉक्स ड्रिंक्स पीने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए?

प्रेग्नेंट महिलाओं, ब्रेस्ट फीडिंग कराने वाली महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और किडनी, लिवर या दूसरी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को डिटॉक्स ड्रिंक्स पीने से पहले खास सावधानी बरतनी चाहिए. जो लोग किसी बीमारी की दवा ले रहे हैं, उन्हें भी बिना डॉक्टर की सलाह के ऐसे ड्रिंक्स नहीं लेने चाहिए.

कुछ डिटॉक्स ड्रिंक्स में मौजूद चीजें दवाओं के असर को बदल सकती हैं या शरीर को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसलिए किसी भी तरह की डिटॉक्स ड्रिंक्स अपनाने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर माना जाता है.