राजनांदगांव: भाजपा तथा सिंधी समाज के तत्वाधान मे श्रद्धेय लीलाराम भोजवानी जी की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर सिंधु भवन, झूलेलाल नगर मे आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, सामाजिक योगदान, सरल स्वभाव एवं सेवाभावी जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि उनके द्वारा समाजहित में किए गए कार्य सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।
पुज्य झूलेलाल नगर के अध्यक्ष ब्रम्हानंद बजाज ने अपने उद्बोधन मे कहा कि श्रद्धेय लीलाराम भोजवानी जी सरल, सहज और संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने जीवन में सदैव समाज और जरूरतमंदों की सेवा को प्राथमिकता दी। उनका व्यवहार सभी के प्रति आत्मीय और सहयोगपूर्ण रहा। आज उनकी पुण्यतिथि पर हम उन्हें नमन करते हुए उनके बताए सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।
पूज्य पंचायत हेमू कालाणी नगर के अध्यक्ष मन्नुमल मोटलानी एवं अर्जुनदास पंजवानी श्रध्दासुमन अर्पित करते हुए कहा कि लीलाराम भोजवानी जी का जीवन कर्म और सेवा का उदाहरण रहा। वे समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ आत्मीयता से जुड़े रहते थे। उनके व्यक्तित्व में विनम्रता और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखाई देती थी। उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति थी, लेकिन उनके विचार और कार्य हमेशा हमारे बीच जीवित रहेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने भी अपने बचपन मे भोजवानी के साथ बिताए छणो को याद करते हुए उनकी सामाजिक यात्रा, राजनैतिक यात्रा और पत्रकारिता के खट्टे मीठे अनुभव को बताते हुए उनके द्वारा धैर्य रखने की शिक्षा सभी को मिलती थी, श्री राजपूत ने कहा कि आज हम श्रद्धेय लीलाराम भोजवानी जी को उनकी तृतीय पुण्यतिथि पर स्मरण कर रहे हैं।
उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि मनुष्य की वास्तविक पहचान उसके पद या प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि समाज के लिए किए गए उसके कार्यों से होती है। उन्होंने अपने व्यवहार और कर्मों से अनेक लोगों के जीवन को प्रभावित किया। श्री राजपूत ने बताया कि उनकी सुझबुझ एवं राजनैतिक समझ के ही डा० रमन सिंह ने अपना प्रतिनिधि बनाया था । ऐसे व्यक्तित्व को शत-शत नमन करते है।
कार्यक्रम को वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश भीमनानी,पार्षद राजा माखीजा एवं जिला उपाध्यक्ष तरुण लहरवानी, अमर लालवानी ने भी बताया कि श्रद्धेय लीलाराम भोजवानी जी सदैव सकारात्मक सोच और सेवा भावना के साथ कार्य करने में विश्वास रखते थे। वे समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे। उनकी स्मृतियां आज भी उनके परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों के मन में जीवंत हैं। पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
श्रदांजलि सभा को संबोधित करते हुए सुनिल बाजपेयी ने भी बी एन सी मिल के समय श्रमिक आंदोलन की बांते बताते हुए कहा कि लीलाराम भोजवानी जी का व्यक्तित्व अपने आप में प्रेरणादायी था। वे मिलनसार, मृदुभाषी और सहयोगी स्वभाव के व्यक्ति थे। समाज के प्रति उनकी चिंता और लोगों के सुख-दुःख में सहभागी बनने की उनकी भावना उन्हें विशिष्ट बनाती थी।
कांग्रेस के नेता अशोक पंजवानी ने भी भोजवानी जी के आर्शीवाद को अपने जीवन की प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनकी पुण्यतिथि हमें उनके जीवन मूल्यों को आत्मसात करने और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम का सफल संचालन ऊर्जा एवं विद्युत विभाग के विद्यायक एवं सांसद प्रतिनिधि रुपचंद भीमनानी ने किया, एवं आभार प्रदर्शन पुज्य सिंधी पंचायत के महासचिव लोकचंद लहरवानी ने किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धेय लीलाराम भोजवानी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अक्सर पर भोजवानी परिवार के राजा भोजवानी, किशोरी भोजवानी तथा पूरा परिवार के साथ, भाजपा के सभी कार्यकर्ता तथा समाज के नागरिकगण उपस्थित थे।



