छत्तीसगढ़ में आज गुरुवार से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
इस अवधि में पाली (कोरबा) में 4 सेंटीमीटर, बेलगहना (बिलासपुर) में 3 सेंटीमीटर तथा हरदीबाजार (कोरबा) और नेरहरपुर (कांकेर) में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं सकरी और कोटा (बिलासपुर), घुमका (राजनांदगांव), जशपुरनगर तथा छिंदगढ़ (सुकमा) में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई।
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा.
प्रदेश में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से आज से उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। साथ ही मॉनसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा, पुरुलिया और दीघा से होकर पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है।
रायपुर शहर में गुरुवार को आंशिक रूप से मेघमय आकाश रहने, गरज-चमक के साथ वर्षा तथा अंधड़ चलने की संभावना है।
शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है।
30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।



