Home छत्तीसगढ़ मोदी की गारंटी, साय का सुशासन—गरीबों को मिल रहा अपना घर…

मोदी की गारंटी, साय का सुशासन—गरीबों को मिल रहा अपना घर…

2
0

3.65 लाख नए पीएम आवासों की मंजूरी और 2 लाख परिवारों का गृह प्रवेश गरीब कल्याण की दिशा में ऐतिहासिक कदम*

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के गरीब एवं आवासहीन परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा मे केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा छत्तीसगढ़ के लिए 3.65 लाख नए प्रधानमंत्री आवासों की मंजूरी तथा 2 लाख परिवारों के एक साथ गृह प्रवेश को जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने गरीबों के जीवन में खुशहाली लाने वाला ऐतिहासिक कदम बताते हुए स्वागत किया है।

जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभावी नेतृत्व और गरीब कल्याण के प्रति उनकी संवेदनशील सोच आज करोड़ों परिवारों के जीवन में बदलाव का माध्यम बन रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना इसी संकल्प का प्रत्यक्ष प्रमाण है। गरीब परिवारों के लिए पक्का मकान केवल एक भवन नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और बेहतर भविष्य की नींव है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराने का जो संकल्प लिया है, उसे छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतार रही है।

कोमल सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि केवल आवास स्वीकृत करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे समय पर पूरा कराकर हितग्राही को उसके घर में प्रवेश दिलाना ही वास्तविक सुशासन है। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण की लगातार मॉनिटरिंग, हितग्राहियों की सहायता और निर्माण कार्यों को गति देने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम प्रदेश में दिखाई दे रहा है।

कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ में गरीबों के सपने अब कागजों पर नहीं, बल्कि पक्के मकानों के रूप में साकार हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दो लाख परिवारों का एक साथ गृह प्रवेश केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि दो लाख परिवारों के जीवन में नए अध्याय की शुरुआत है। जिन परिवारों ने वर्षों तक अपने घर का सपना देखा, आज उनके आंगन में खुशियां हैं और उनके सिर पर पक्की छत है।

जिला भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 3.65 लाख नए आवासों की मंजूरी छत्तीसगढ़ के गरीब परिवारों के लिए विश्वास और उम्मीद का नया संदेश है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डा रमन सिंह का धन्यवाद व्यापित किया है.