Home छत्तीसगढ़ बच्चों के सपनों व कल्पनाओं में दिखता है विकसित भारत का संकल्प...

बच्चों के सपनों व कल्पनाओं में दिखता है विकसित भारत का संकल्प : गजेन्द्र यादव

2
0

राजनांदगांव। स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव शनिवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला, निबंध व भाषण प्रतियोगिता ‘मेरे सपनों का भारत’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए बसंतपुर स्कूल के ऑडिटोरियम मरम्मत, बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय तथा 5 अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा पेंड्री, मोहारा और शंकरपुर के स्कूलों में भी विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृति की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों द्वारा 2014 के भारत, वर्तमान भारत और 2047 के विकसित भारत की परिकल्पना पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी व निबंध प्रस्तुत किए गए। प्रभारी मंत्री ने विजेता प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

2047 के विकसित भारत का आधार हैं आज के विद्यार्थी
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि बच्चों की कल्पनाओं में ही विकसित भारत की मजबूत नींव दिखाई देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में आज के विद्यार्थियों की भूमिका सबसे अहम होगी। उन्होंने छात्रों से ‘वोकल फॉर लोकल’ व ‘मेक इन इंडिया’ के तहत स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला-कौशल पर गर्व करने तथा स्वच्छता व नशामुक्ति जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का आह्वान किया।

राजनांदगांव प्रतिभाओं की धरा: सांसद
सांसद संतोष पाण्डेय ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि राजनांदगांव खेल, कला और बौद्धिक क्षमता की धरा है। उचित मंच मिलने से बच्चों के आत्मविश्वास को नई दिशा मिलती है। 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने पर देश को रक्षा, अर्थव्यवस्था, कृषि व विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने का दायित्व युवाओं के कंधों पर होगा।

गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।