राजनांदगांव। शहर की सफाई व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाने और विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए महापौर श्री मधुसूदन यादव और आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में आज सुबह महापौर और आयुक्त ने बसंतपुर तथा लालबाग क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के कड़े निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के दौरान जल विभाग के प्रभारी सदस्य श्री सुनील साहू, राजस्व विभाग के प्रभारी सदस्य श्री राजा माखीजा और पार्षद प्रतिनिधि श्री राजेश यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जोगी नगर में पट्टे की मांग और कोढ़ी खाना में बनेगा खेल परिसर
दौरे के दौरान महापौर और आयुक्त, तहसीलदार श्री नाग व निगम अधिकारियों के साथ जोगी नगर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से चर्चा की। नागरिकों द्वारा भूमि पट्टे की मांग पर महापौर ने स्पष्ट किया कि शासन के नियमानुसार सर्वे कराकर पात्र लोगों को पट्टा वितरित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने तहसीलदार को तत्काल सर्वे शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके बाद टीम ने ‘कोढ़ी खाना’ क्षेत्र का जायजा लिया। महापौर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा यह भूमि नगर निगम को सौंप दी गई है, जिसे एक भव्य खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। यहाँ विभिन्न खेलों के लिए मैदान तैयार किए जाएंगे ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को इसका पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने आयुक्त श्री मरकाम से मैदान के समतलीकरण और साफ-सफाई के निर्देश दिए। वहीं, बसंतपुर में निरीक्षण के दौरान तालाब के चारों ओर रेलिंग लगाने और सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग पर कार्यपालन अभियंता श्री दीपक खाण्डे को प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा।
लालबाग क्षेत्र में नाला सफाई और महेंद्र नगर उद्यान का होगा जीर्णोद्धार
निरीक्षण के अगले चरण में महापौर लालबाग क्षेत्र के प्रभात नगर और महेंद्र नगर पहुंचे, जहाँ उन्होंने वार्डवासियों से साफ-सफाई को लेकर चर्चा की। प्रभात नगर में नाले की सफाई की मांग पर उन्होंने प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश मिश्रा को तत्काल गैंग लगाकर सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वार्डों में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत का तुरंत समाधान होना चाहिए।
महेंद्र नगर में कॉलोनीवासियों द्वारा सड़क और नाली निर्माण की मांग पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया। इसके साथ ही, स्थानीय उद्यान के जीर्णोद्धार के लिए उप अभियंता श्री तिलक राज ध्रुव को पार्क में रेलिंग, मंच की मरम्मत, लाइटिंग और पाथवे निर्माण के लिए स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की मूल जिम्मेदारी है, जिसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।



