Home छत्तीसगढ़ सरकार आपके द्वार : वासडी में ‘सेवा सेतु अभियान शिविर’ आयोजित, ग्रामीणों...

सरकार आपके द्वार : वासडी में ‘सेवा सेतु अभियान शिविर’ आयोजित, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

2
0

मोहला। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना को साकार किया जा रहा है। इसी कड़ी में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड मोहला के ग्राम पंचायत वासडी में ‘सेवा सेतु अभियान शिविर’ का भव्य आयोजन हुआ। शिविर में ग्रामीणों का भारी जनसहभागिता और उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत मोहला की अध्यक्ष गैंद कुंवर ठाकुर, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, कलेक्टर तनुजा सलाम सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

प्रशासन और ग्रामीणों के बीच स्थापित हुआ सीधा संवाद
शिविर को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उन्हें शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शासन का मुख्य ध्येय योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद कायम हुआ है, जिससे समस्याओं के निराकरण में गति आई है।

स्टॉलों के जरिए दी गई योजनाओं की जानकारी, बांटी गई सामग्री
शिविर में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए, जहाँ ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, सेवाओं और हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान आम नागरिकों से मांग और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण किया गया। अतिथियों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के तहत सामग्री, लाभ एवं स्वीकृति प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को बड़े ही प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा महिलाओं के लिए ‘गोद भराई’ कार्यक्रम भी गरिमामय ढंग से संपन्न कराया गया।