राजनांदगांव। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ की टीम ने नेशनल हाईवे स्थित ‘न्यू बिहार पटना ढाबा’ में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर जप्त की है। पुलिस ने ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में अवैध नशे के विरुद्ध पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। 2 अक्टूबर की रात्रि पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे कोहका स्थित न्यू बिहार पटना ढाबा का संचालक ढाबे की आड़ में अवैध शराब बेचने का कारोबार चला रहा है।
रेड में 17 बल्क लीटर शराब बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर विधिवत रेड की कार्रवाई की। पुलिस ने ढाबा संचालक रंजीत यादव (47 वर्ष, निवासी पेण्ड्री, थाना लालबाग) के कब्जे से ढाबे के भीतर छिपाकर रखी गई 50 पौवा देशी व अंग्रेजी शराब (09 लीटर) तथा 16 बोतल सिम्बा बीयर (08 लीटर) कुल 17 बल्क लीटर शराब बरामद की, जिसकी कुल कीमत ₹6,920 बताई जा रही है।
शराब बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज पेश न कर पाने पर पुलिस ने सामग्री जप्त कर ली। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में तुमड़ीबोड़ चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक धनीराम नारंगे, सहायक उप-निरीक्षक चुन्नी लाल साहू, आरक्षक थलेश देशमुख एवं चौकी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



