राजनांदगांव। नगर निगम में सहायक राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत तीन कर्मचारियों को राजस्व उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति दी गई है। निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने 30 अक्टूबर को अपने कक्ष में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा और विधि एवं सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी सदस्य राजेश जैन रानू की उपस्थिति में पदोन्नति आदेश पत्र सौंपे।
पदोन्नति पाने वाले कर्मचारियों में सुदेश राय, प्रेमलाल देवांगन और अशोक चौबे शामिल हैं। आयुक्त मरकाम ने कहा कि नियमानुसार पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया जा रहा है। अन्य कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए भी विभागीय प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि महापौर मधुसूदन यादव के मार्गदर्शन में कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पदोन्नति, समयमान वेतनमान और अन्य पात्र लाभ दिए जा रहे हैं। अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का निराकरण कर दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को भी नियुक्ति दी जा रही है। पिछले लगभग डेढ़ वर्ष में दिवंगत कर्मचारियों के 26 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी गई है। इसके अलावा आठ कर्मचारियों को पदोन्नति और 70 कर्मचारियों को समयमान वेतनमान का लाभ दिया गया है।
आयुक्त ने कहा कि कर्मचारियों को शासन के नियमानुसार वेतनमान, भत्ते, पदोन्नति, क्रमोन्नति और अनुकंपा नियुक्ति का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा ने पदोन्नत कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने बताया कि महापौर के निर्देश और बजट प्रावधान के अनुसार कर्मचारियों को समयमान वेतनमान एवं पदोन्नति का लाभ दिया जा रहा है। आगे भी पात्रता के अनुसार कर्मचारियों को ये लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस अवसर पर राजस्व अधिकारी मोबिन अली और सहायक लेखा अधिकारी राकेश नंदे उपस्थित थे।



