Home छत्तीसगढ़ म्युनिसिपल स्कूल मैदान में लगेंगी फटाके की दुकानें, लॉटरी से हुए 92...

म्युनिसिपल स्कूल मैदान में लगेंगी फटाके की दुकानें, लॉटरी से हुए 92 अस्थायी भूखंड आवंटित

2
0

राजनांदगांव। दीपावली के मद्देनजर राजनांदगांव नगर निगम द्वारा फटाका व्यवसायियों के लिए बड़ी राहतभरी खबर सामने आई है। महापौर श्री मधुसूदन यादव के निर्देशानुसार निगम सभागृह में लॉटरी पद्धति के माध्यम से 92 लाइसेंसी फटाका व्यवसायियों को अस्थायी भूखंडों का आबंटन किया गया। इस आबंटन प्रक्रिया से नगर निगम को कुल 4 लाख 46 हजार 200 रुपए की राजस्व आय प्राप्त हुई है। इस वर्ष शहर में फटाका दुकानें म्युनिसिपल स्कूल मैदान में लगाई जाएंगी।

आयुक्त की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से हुई लॉटरी
निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम की उपस्थिति में इच्छुक लाइसेंसी फटाका व्यवसायियों के बीच लॉटरी निकालकर अस्थायी भूखंडों का आबंटन किया गया। इस दौरान आयुक्त श्री मरकाम ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि फटाका विक्रय के दौरान शासन की गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखते हुए प्रत्येक दुकान में अनिवार्य रूप से ‘फायर सेफ्टी’ (अग्निशामक यंत्र) रखने के निर्देश दिए।

5 प्रतिशत की मामूली वृद्धि के साथ शुल्क जमा
राजस्व अधिकारी श्री मोबिन अली ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष फटाका दुकान लगाने के लिए राजस्व कार्यालय में कुल 92 आवेदन प्राप्त हुए थे। सभी 92 लाइसेंसी विक्रेताओं ने समयानुसार निर्धारित शुल्क का भुगतान किया। इस वर्ष महापौर के निर्देशानुसार आबंटन शुल्क में मात्र 5 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी, जिसके तहत प्रति दुकान 4,850 रुपए अस्थायी भूखंड शुल्क जमा कराया गया। इससे निगम को 4,46,200 रुपए की आय हुई है।

इस आबंटन प्रक्रिया के दौरान वरिष्ठ पार्षद श्री शिव वर्मा, सहायक राजस्व अधिकारी श्री हितेश ठाकुर सहित राजस्व विभाग का पूरा अमला और बड़ी संख्या में फटाका व्यवसायी उपस्थित रहे।