Home छत्तीसगढ़ बक्शी स्कूल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में पहुंचे महापौर...

बक्शी स्कूल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में पहुंचे महापौर मधुसूदन यादव

2
0

राजनांदगांव। शहर के पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी स्कूल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के अंतर्गत युवा संवाद, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिता का गरिमामयी आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने में युवाओं की महती भूमिका पर प्रकाश डाला।

तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनाएं युवा : मधुसूदन यादव
महापौर श्री मधुसूदन यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का जनादेश, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान और कानून का शासन है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए आम जनता के बीच भ्रम फैलाना और संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े कर अराजकता का माहौल निर्मित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के सर्वथा प्रतिकूल है।

उन्होंने एसआईआर, एसएसआर एवं कथित वोट चोरी जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि फैलाई जा रही भ्रांतियों के बीच युवाओं को तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष होकर अपनी राय बनानी चाहिए। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को प्राप्त है, किंतु विरोध की आड़ में पूरी व्यवस्था को अस्थिर करने का प्रयास कदापि स्वीकार्य नहीं हो सकता।

छात्रों ने भी खुलकर रखे विचार
युवा संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी देश में जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और अराजकता की स्थिति पर अपने विचार खुलकर साझा किए। विद्यार्थियों ने राजनीति में मर्यादा, जवाबदेही और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

उत्कृष्ट प्रतिभागी विद्यार्थी हुए सम्मानित
आयोजन के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर स्कूल अध्यक्ष श्री देवशरण सेन विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। साथ ही शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री रवि सिन्हा, श्री शेखर यादव, श्री राजेश यादव, श्री प्रवीण शुक्ला एवं श्री बलवंत साव सहित अनेक गणमान्य नागरिक और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।