Home समाचार कांग्रेस के 35 और भाजपा के 13 निकाय प्रमुख, जैसलमेर में निर्दलीय...

कांग्रेस के 35 और भाजपा के 13 निकाय प्रमुख, जैसलमेर में निर्दलीय हरिबल्लभ बने सभापति…

55
0

प्रदेश में मंगलवार को 46 निकायों में प्रमुखों के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गए। घोषित नतीजों के अनुसार कांग्रेस के 35 और भाजपा के 13 निकाय प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। जैसलमेर नगर परिषद में निर्दलीय प्रत्याशी हरिबल्लभ कल्ला को सभापति चुना गया है। राज्य के 24 जिलों में स्थित 49 निकायों में चुनाव हुए थे। इनमें तीन नगर निगम, 18 नगर परिषद और 28 नगर पालिकाएं शामिल हैं। भरतपुर नगर निगम में परिणाम काफी चौंकाने वाले रहे। यहां 51 वोट लेकर कांग्रेस के अभिजीत कुमार ने मेयर पद पर जीत हासिल की।यहां भाजपा के कुछ पार्षदों ने भी अभिजीत कुमार के पक्ष में मतदान किया। इन निकायों के वार्ड सदस्यों के 16 नवम्बर को मतदान हुआ था। उनके मतों की गिनती 19 नवम्बर को हुई थी। कुल दो हजार 105 वार्डों में से कांग्रेस को 965, भाजपा को 736, बसपा को 16 और सीपीआईएम को तीन वार्डों में जीत हासिल हुई थी। शेष 385 वार्डों में निर्दलीय जीते थे। इन निकायों में से निम्बाहेड़ा, मकराना और रूपवास में प्रमुख का चुनाव निर्विरोध हो चुका था। 46 निकाय प्रमुखों के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान हुआ था। उसके बाद मतों की गिनती की गई। 

भाजपा से बनी थीं अध्यक्ष, कांग्रेस की ज्वॉइन 
भरतपुर जिले की रूपवास नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा की बबीता निर्विरोध निर्वाचित हुई थी, लेकिन उसने निर्वाचित होते ही कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में वह अभी भी भाजपा की पालिका अध्यक्ष है। 

इन निकायों कांग्रेस के प्रमुख 
नसीराबाद पालिका, अलवर परिषद, भिवाड़ी परिषद, थानागाजी पालिका, बांसवाड़ा परिषद, मांगरोल पालिका, बाड़मेर परिषद, भरतपुर निगम, चित्तौड़गढ़ परिषद, निम्बाहेड़ा पालिका, रावतभाटा पालिका, चूरू परिषद, राजगढ़ पालिका, महुआ पालिका, गंगानगर परिषद, सूरतगढ़ पालिका, हनुमानगढ़ परिषद, भीनमाल पालिका, बिसाऊ पालिका, झुंझुनूं परिषद, पिलानी पालिका, फलौदी पालिका, कैथून पालिका, सांगोद पालिका, डीडवाना पालिका, मकराना परिषद, आमेट पालिका, नाथद्वारा पालिका, नीमकाथाना पालिका, सीकर परिषद, माउंट आबू पालिका, शिवगंज पालिका, सिरोही परिषद, टोंक परिषद और कानोद पालिका में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमुख बने।

इन निकायों में भाजपा के प्रमुख 
ब्यावर परिषद, पुष्कर पालिका, प्रतापुरगढ़ी पालिका, छबड़ा पालिका, बालोतरा परिषद, रूपवास पालिका, बीकानेर निगम, जालौर परिषद, पाली परिषद, सुमेरपुर पालिका, खाटूश्यामजी पालिका, पिण्डवाड़ा पालिका और उदयपुर नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी प्रमुख बने।

जैसलमेर नगर परिषद में निर्दलीय हरिबल्लभ बने सभापति 
जैसलमेर नगर परिषद में कांग्रेस और भाजपा के मंसूबों पर पानी फिर गया। सभापति के लिए चुनाव में दोनों दलों को क्रॉस वोटिंग का सामना करना पड़ा। इसके चलते दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशी हार गए। यहां निर्दलीय हरिबल्लभ कल्ला सभापति चुने गए हैं। इस परिषद में कुल 45 वार्ड है। कल्ला को 19, भाजपा के विक्रम रावलोत को 13 और कांग्रेस के कमलेश छंगाणी को 12 मत मिले हैं, जबकि एक मत खारिज हो गया। चुनावी नतीजों के अनुसार कांग्रेस को 21 और भाजपा को 20 वार्डों में जीत हासिल हुई थी। शेष चार वार्डों में निर्दलीय जीते थे। 

तीन पालिकाओं के अध्यक्ष लॉटरी से जीते 
प्रदेश में 46 निकायों के प्रमुखों चुनाव में तीन पालिकाओं में लॉटरी से परिणाम घोषित किए गए। राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयपुर जिले की कानोद, बारां जिले की छबड़ा और अजमेर जिले की नसीराबाद नगर पालिका के अध्यक्ष के नतीजे लॉटरी से घोषित किए गए। कानोद में कांग्रेस की चंदा देवी और भाजपा की दुर्गादेवी मीणा को बराबर 7-7 मत मिले थे। लॉटरी से कांग्रेस की प्रत्याशी निर्वाचित घोषित की गई। इसी प्रकार छबड़ा में भाजपा के कैलाश और कांग्रेस की अराधना को बराबर 17-17 मत मिले। यहां लॉटरी से भाजपा के उम्मीदवार विजय घोषित किए गए। इसी तरह नसीराबाद में कांग्रेस की शारदा मितलवाल और भाजपा की अनिता मित्तल को बराबर 10-10 वोट मिले। यहां लॉटरी से कांग्रेस की प्रत्याशी को विजय घोषित किया गया।

उप महापौर, उप सभापति और उपाध्यक्ष का चुनाव आज 
राज्य की 49 निकायों में बुधवार को उप प्रमुखों के लिए चुनाव होंगे। इसमें 3 उप महापौर, 18 उप सभापति और 28 पालिका उपाध्यक्ष चुने जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव और मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्याम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि उपाध्यक्ष के पदों के लिए निर्वाचन की तिथि 27 नवंबर है। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक प्रात: 10 बजे प्रारंभ होगी। नामांकन पत्रों का प्रस्तुतिकरण प्रात: 11 बजे, नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रात: साढ़े 11 बजे, नाम वापसी दोपहर 2 बजे तक और मतदान यदि आवश्यक हुआ तो दोपहर ढाई बजे से शाम पांच बजे तक और मतगणना मतदान समाप्ति के तुरन्त बाद होगी।