Home Blog Page 430

महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता हेतु रक्षा टीम का जनजागरूकता अभियान

0

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में महिला और बालिका सुरक्षा को लेकर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, रक्षा टीम राजनांदगांव द्वारा शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत शासकीय उच्च माध्यमिक शाला नवागांव में कक्षा 9वीं और 10वीं के करीब 95 छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षाए आत्मरक्षा के उपाय, साइबर अपराध से बचाव और अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराकर इसके उपयोग के बारे में समझाया गया।
इसी कड़ी में प्राईड एकेडमी कम्प्यूटर एजुकेशन, राजनांदगांव में अध्ययनरत लगभग 45 छात्र-छात्राओं को रक्षा टीम प्रभारी उप निरीक्षक शारदा बंजारे द्वारा महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा तकनीक, साइबर अपराधों से सतर्क रहने और अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग पर जानकारी दी गई। साथ ही, सभी छात्र-छात्राओं को ऐप डाउनलोड कराया गया।
इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और युवाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करनाए साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताना और आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग को बढ़ावा देना है।
राजनांदगांव पुलिस द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता के प्रति जनमानस में और अधिक संवेदनशीलता पैदा की जा सके।

पदुमतरा में श्रीमद्भागवत कथा का समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया रसपान

0

राजनांदगांव। जिले के ग्राम पदुमतरा में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह का समापन बड़े धूमधाम से हुआ। सातवें दिन श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। सुबह से ही कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा, जहां हरि नाम के संकीर्तन और भजन-कीर्तन से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
आयोजन में महिलाओंए पुरुषों, युवाओं और बुजुर्गों की समान सहभागिता ने इस धार्मिक उत्सव को और भी भव्य बना दिया। श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कथा का श्रवण करते हुए भावविभोर हो गए। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कथा वाचक पं. युवराज पांडे जी ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का विस्तार से वर्णन किया।
उन्होंने रुक्मणी विवाह के प्रसंग को सरल और भावनात्मक तरीके से समझाया, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण ने रुक्मणी जी के प्रेम और भक्ति से प्रसन्न होकर उनका हरण कर विवाह किया। इस प्रसंग से यह संदेश मिला कि सच्चा प्रेम और निष्काम भक्ति हमेशा विजय प्राप्त करती है।
इसके बाद पं. पांडे जी ने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा उद्धव जी को गोपियों की निष्काम भक्ति को समझाने का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि गोपियों की भक्ति इतनी निर्मल थी कि श्रीकृष्ण ने उसे सर्वोच्च माना।
कथा के दौरान सुदामा चरित्र का मार्मिक वर्णन भी किया गया। पं. पांडे जी ने बताया कि सुदामा जी की दरिद्रता और उनकी निष्काम भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें अपार धन और सुख दिया, यह बताता है कि भगवान अपने भक्तों के भावनाओं को देखते हैं, न कि उनके बाहरी साधनों को।
कथा का समापन परीक्षित मोक्ष के प्रसंग से हुआ, जिसके बाद पं. पांडे जी ने गीता का उपदेश देते हुए श्रीमद्भागवत महापुराण का समापन किया। उन्होंने कुरूक्षेत्र के युद्ध के दौरान अर्जुन को भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए गीता उपदेश की महिमा का भी विस्तार से वर्णन किया।
कथा के अंत में श्रद्धालुओं ने आरती और भजन-कीर्तन में भाग लिया। आयोजन समिति और ग्रामवासियों ने इस सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए आगामी दिनों में और अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई।
श्री राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू ने इस विराट आयोजन में सहभागिता निभाने वाले श्री राम मंदिर ट्रस्ट समिति, महिला मंडल भागवत समिति, और सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के सफलतापूर्वक संपन्न होने में समाजसेवी जनप्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा।
इस दौरान पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सभापति शीला सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पा वर्मा, जनपद सभापति साकेत वैष्णव, जनपद सदस्य ललिता मोहन साहू, दिगेंद्र सिन्हा, सरपंच हिना घनश्याम साहू, राकेश साहू, पवन महोबिया सहित समाजसेवी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव का विशु अजमानी के साथ युवाओं ने किया आत्मीय स्वागत

0

राजनांदगांव। भिलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र यादव बुधवार को राजनांदगांव पहुंचे। उनके स्वागत के लिए ग्राम टेड़ेसरा में स्थानीय युवाओं ने आत्मीय और सादगीपूर्ण आयोजन किया। इस दौरान विशु अजमानी, शुभम कासर, सागर ताम्रकारए तौसीफ गोरी, हर्षिल हनी, अभि गुप्ता, अंशल श्रीवास्तव, रोशन परिहार और जीवेश सिन्हा समेत अन्य युवा कार्यकर्ताओं ने विधायक देवेंद्र यादव का फूलमालाओं और पुष्प-गुच्छ से अभिनंदन किया।
स्वागत के बाद विधायक यादव का काफिला ग्राम पदुमतरा की ओर रवाना हुआ, जहां उन्होंने श्रीमद् भागवत कथा में भाग लिया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस मानव देशमुख और अन्य कांग्रेस पदाधिकारी भी शामिल थे।
विधायक देवेंद्र यादव ने पदुमतरा में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर आयोजन का हिस्सा बने। कथा स्थल पर आयोजक समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
विधायक यादव ने कथा व्यास आचार्य पं. युवराज पांडेय जी महाराज से श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण किया और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा, इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।
कथा आयोजन में पदुमतरा और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल छाया रहा। आयोजन में ग्रामीणों, युवाओं और बुजुर्गों की जबरदस्त सहभागिता देखने को मिली, जिससे सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का मजबूत संदेश दिया गया।
धार्मिक आस्था के साथ-साथ इस आयोजन ने समाज में एकता और भाईचारे की भावना को और भी प्रगाढ़ किया।

सोमनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चोरी के केबल खरीदने वाले दुकानदार और फरार आरोपी गिरफ्तार

0

राजनांदगांव। सोमनी थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरी के केबल और पंप खरीदने वाले दुकानदारों सहित दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक अरूण कुमार नामदेव के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खुटेरी और ग्राम ईरा में 9 से 12 दिसंबर 2025 के बीच 15 किसानों के खेतों से एक सबमर्सिबल पंप, दो सोलर झटका मशीनें, पानी की मोटर और लगभग 2 हजार फीट केबल चोरी हुए थे। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा किया।
पुलिस ने फरार आरोपियों संजय कुमार सोनकर उर्फ संजू और राहुल बांसफोड उर्फ कोंदा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया और बताया कि उन्होंने चुराए गए तांबे के केबल तारों को श्री बर्तन वाले अभिषेक वर्मा और वैद्यनाथ बर्तन दुकान के संचालक हेमंत गुप्ता को बेचा था। इसके बाद पुलिस ने दोनों दुकानदारों से चोरी के केबल तारों को बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार सोनकर उर्फ संजू (25 साल), निवासी वार्ड नंबर 32 बैगापारा, न्यू अटल आवास लखोली, थाना-कोतवाली, जिला-राजनांदगांव, राहुल बांसफोड उर्फ कोंदा (25 साल), निवासी बैगापारा, न्यू अटल आवास लखोली, थाना कोतवाली, जिला राजनांदगांव, अभिषेक वर्मा (33 साल), श्री बर्तन दुकान, आजाद चौक, राजनांदगांव एवं हेमंत गुप्ता (47 साल), वैद्यनाथ बर्तन दुकान, आजाद चौक, थाना-कोतवाली, जिला-राजनांदगांव शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक अरूण कुमार नामदेव, उनि बलदाउ चंद्राकर, प्रधान आरक्षक डूलेश्वर साहू, आरक्षक लीलाराम साहू, तुषार मरकाम और थाना स्टाफ सोमनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

गैंदाटोला में खुलेआम जुआ खेलने वाले 3 जुआरी गिरफ्तार, 2420 रुपए नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त

0

राजनांदगांव। गैंदाटोला में खुलेआम अपने ही घर में जुआ खेलने का मामला सामने आया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस जुए के खेल को रोकते हुए तीन जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से 2420 रुपए की नगदी और 52 पत्तियां ताश की जब्त की हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोगरगांव दिलीप सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गैंदाटोला में गुलजारी सोनी के घर के बरामदे में कुछ लोग ताश की पत्तियों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत रेड कर तीन जुआरियों को पकड़ लिया। आरोपियों में गुलजारी सोनी (45 वर्ष), शेरसिंह राजपूत (25 वर्ष) और धुरसिंह निषाद (49 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने जुआरियों के पास से 1450 रुपए और फड़ से 970 रुपए की नगदी, कुल 2420 रुपए और ताश की 52 पत्तियां जब्त की। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने जुआरी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर उन्हें धारा 126 और 135 (3) बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को भारी जुर्माने के साथ दंडित करने के लिए इश्तगासा तैयार किया गया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, सहायक उप निरीक्षक हेमंत बोरकर, आरक्षक राकेश कुमा साहू, राकेश साहू, मोहित साहू, और टीकाराम धु्रव का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि जिले में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

सड़क सुरक्षा माह : ब्रम्हकुमारी परिसर में आयोजित यातायात जागरूकता कार्यक्रम

0

राजनांदगांव। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के सातवें दिन राजनांदगांव यातायात पुलिस द्वारा ब्रम्हकुमारी परिसर में एक विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था।
कार्यक्रम का संचालन ब्रम्हाकुमारी पुष्पा दीदी द्वारा किया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईपीएस एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ब्रम्हाकुमारी मोरध्वज भाई ने विशेष प्रेरणादायी संगीतों की प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित लोगों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया और सड़क सुरक्षा के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रसारित किया। कार्यक्रम में ब्रम्हाकुमारी मुरलीधर सोमानी, भाई झाल भाई, दयाराम भाई, मनोज भाई, जगदीश फड़नवीस और ब्रम्हाकुमारी रंभा बहन सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया और आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित जीवन के लिए सभी को सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से अपनाना चाहिए।
यातायात पुलिस ने इस अवसर पर नागरिकों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन में तीन सवारी न बैठाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और नियंत्रित गति में वाहन चलाएं।

पदुमतरा में श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह : श्रद्धालुओं ने झूमते हुए सुनी आचार्य युवराज पांडे की कथा

0

राजनांदगांव। खैरागढ़ रोड स्थित ग्राम पदुमतरा में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह के छठे दिन एक अद्भुत श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कथा स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने आचार्य युवराज पांडे के प्रवचन में भाग लिया। कथा स्थल पर भव्यता का आलम था, जहां हर ओर “हरि नाम” के संकीर्तन, भजन-कीर्तन और जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना हुआ था।

इस आयोजन में भिलाई के पूर्व विधायक देवेंद्र यादव भी श्रद्धा भाव से कथा में शामिल हुए और सुबह से ही कथा पंडाल में भक्तों के बीच बैठे नजर आए। महिलाएं, पुरुष, युवा और बुजुर्ग सभी ने भागीदारी दिखाते हुए आयोजन को गरिमा प्रदान की।

कथा में मुख्य अतिथि रहे राष्ट्रीय एवं छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कथा वाचक पं. युवराज पांडे ने श्रीमद्भागवत महापुराण की दिव्य महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि जब मनुष्य परमात्मा को प्राप्त कर लेता है, तब उसे संसार की किसी भी वस्तु की आवश्यकता नहीं रहती। भगवान की भक्ति ही जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है, जो जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति और मोक्ष की प्राप्ति कराती है।

पं. युवराज पांडे ने अपने प्रवचन में भगवान श्रीकृष्ण की जीवन लीला का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने विशेष रूप से श्रीकृष्ण के जन्म, गोकुल पहुंचने और कंस के कारागार में प्रवेश करने की कथा को श्रद्धालुओं के बीच प्रस्तुत किया। इसके साथ ही तृणावर्त, शकटासुर, अघासुर, बकासुर जैसे असुरों के वध की कथाओं को भी विस्तार से बताया। उन्होंने रुक्मणी विवाह के प्रसंग को भक्त और भगवान के मिलन का प्रतीक बताते हुए इस विवाह के महत्व को समझाया।

कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर होकर भजन-कीर्तन में झूमते रहे। विधायक देवेंद्र यादव स्वयं सारथी बनकर आचार्य जी को कथा स्थल तक लेकर पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत से अंत तक सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर आयोजकों द्वारा की गई तैयारियों की भी सराहना की गई। यजमान ओमप्रकाश साहू के घर से भिलाई विधायक ने आचार्य जी को कथा स्थल तक कार से पहुंचाया और कार्यक्रम के अंत तक उपस्थित रहे।

इस आयोजन में क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व विधायक प्रकाश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस पदम सिंह कोठारी, पूर्व विधायक भुनेश्वर सिंह बघेल, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, जिला पंचायत सभापति शिला सिन्हा, भाजपा मंडल अध्यक्ष परदेशी साहू, और अन्य गणमान्य लोग शामिल थे। हजारों श्रद्धालुओं ने इस दिव्य आयोजन का लाभ लिया और कथा के अमृत स्वरूप का आनंद लिया।

इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना और भक्ति भाव का संचार किया, जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

युगांतर पब्लिक स्कूल में यातायात पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम, 800 विद्यार्थियों ने लिया लाभ

0

राजनांदगांव। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सातवें दिन यातायात पुलिस द्वारा युगान्तर पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में, प्रशिक्षु आईपीएस एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता, बिना लाइसेंस वाहन चलाने के दुष्परिणाम, यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कानूनी कार्रवाई तथा सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जन-धन की हानि के संबंध में विस्तार से समझाया गया। विद्यार्थियों को स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों सहित लगभग 800 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का लाभ लिया। कार्यक्रम में सहायक उप निरीक्षक कमल किशोर श्रीवास्तव एवं कुंजलाल साहू द्वारा विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
इसके साथ ही यातायात पुलिस द्वारा युगान्तर पब्लिक स्कूल में संचालित बसों का भौतिक निरीक्षण किया गया, जिसमें सभी बसें माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप पाई गईं। वहीं पुराना बस स्टैंड चौक में निजी बसों का भी फिटनेस चेक किया गया।
राजनांदगांव यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन में तीन सवारी न बैठाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें और नियंत्रित गति में वाहन चलाते हुए समस्त यातायात नियमों का पालन करें।
यातायात पुलिस ने बताया कि यातायात रथ एवं अन्य विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

नाबालिगों को नशे के लिए व्हाइटनर, डायल्यूटर बेचते दुकानदार पर शिकंजा

0

राजनांदगांव। नाबालिग बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से मिली सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस एवं साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर एक स्टेशनरी दुकानदार को नाबालिगों को नशे के उद्देश्य से व्हाइटनर एवं डायल्यूटर बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक स्टेशनरी दुकान द्वारा लंबे समय से नाबालिग बच्चों को व्हाइटनर व डायल्यूटर बेचे जाने की शिकायत मिल रही थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में तत्काल कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर दबिश देकर दुकानदार को बच्चों को उक्त पदार्थ बेचते हुए पकड़ा।
जांच के दौरान यह सामने आया कि नाबालिग इन पदार्थों का उपयोग इनहेलेंट एब्यूज के रूप में कर रहे थे, जो उनके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार के नशे से बच्चों में गंभीर मानसिक विकार, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं तथा आगे चलकर यह किशोर अपराध की ओर भी ले जा सकता है।
इस मामले में तुलसीपुर निवासी प्रेमलाल देवांगन, संचालक देवांगन जनरल स्टोर के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दुकानदार को सख्त चेतावनी देते हुए आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की बात कही है।
जिला पुलिस राजनांदगांव ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नाबालिगों को नशीले या दुरुपयोग योग्य पदार्थ बेचे जाने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों को नशे की ओर धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी चैंपियनशिप मे हेमचंद यादव विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी ममता साहू

0

राजनांदगांव। जिले में हॉकी खेल के प्रतिभाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर रही रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित निःशुल्क हॉकी खेल प्रशिक्षण केंद्र, चिखली की नियमित खिलाड़ी ममता साहू का चयन ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
दिग्विजय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता, महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी अरुण चौधरी, छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, जिला हॉकी संघ के सचिव शिवरीनारायण धकेता, महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. शैलेन्द्र सिंह, क्रीड़ा अधिकारी पीके हरी, परेश वर्मा, अजय लांजेवार, रितु दुबे, यशवंत देशमुख, अनुराज श्रीवास्तव, प्रोफेसर हीरेंद्र बहादुर सिंह, रामू पाटिल, कोच किशोर धीवर, ऋषि मेश्राम ने ममता साहू की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय, राजनांदगांव की छात्रा ममता साहू, इस प्रतियोगिता में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनका चयन राजनांदगांव के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 29 दिसंबर को आयोजित ट्रायल तथा 1 से 4 जनवरी तक दुर्ग में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के उपरांत किया गया।
ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन संबलपुर यूनिवर्सिटी, ओड़िशा द्वारा किया जा रहा है, जो 7 से 11 जनवरी 2026 तक संबलपुर (ओड़िशा) में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में देशभर की उत्कृष्ट विश्वविद्यालय टीमें भाग लेंगी।
उल्लेखनीय है कि ममता साहू ने यह सफलता रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी के निशुल्क हॉकी प्रशिक्षण शिविर में प्राप्त सतत अभ्यास एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं स्वर्ण पदक विजेता एनआईएस हॉकी कोच मृणाल चौबे के कुशल मार्गदर्शन से अर्जित की है। यह प्रशिक्षण केंद्र आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।