Home Blog Page 434

रायपुर सहित प्रमुख शहरों में रेल संचालन क्षमता दोगुनी करने की ऐतिहासिक योजना : विष्णु देव साय

0

रायपुर। भारतीय रेलवे द्वारा अगले पाँच वर्षों में देश के 48 प्रमुख शहरों में रेलगाड़ियों की संचालन क्षमता को दोगुना करने की जो महत्वाकांक्षी योजना तैयार की गई है, उसमें छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को भी शामिल किया गया है। इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के करोड़ों यात्रियों के लिए बड़ा तोहफ़ा है और इससे राज्य की कनेक्टिविटी, व्यापार, उद्योग तथा पर्यटन गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का व्यापक आधुनिकीकरण हो रहा है। रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा घोषित इस योजना से छत्तीसगढ़ जैसे उभरते हुए राज्य को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायपुर जंक्शन देश के प्रमुख रेल जंक्शनों में से एक है और यहाँ प्रतिदिन लाखों यात्री आवागमन करते हैं। संचालन क्षमता दोगुनी होने से लोगों को अधिक ट्रेनें, बेहतर आवृत्ति तथा कम भीड़भाड़ का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर के साथ-साथ अन्य औद्योगिक और वाणिज्यिक नगरों के लिए भी यह योजना अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। रेल संरचना के विस्तार से निवेश, रोजगार और लॉजिस्टिक्स की सुगमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी।

रेल मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वर्ष 2030 तक संचालन क्षमता दोगुनी करने के लिए मौजूदा टर्मिनलों पर अतिरिक्त प्लेटफार्म, पिट लाइन एवं स्टेबलिंग लाइन का निर्माण,
शहरी क्षेत्र और आसपास नए टर्मिनलों की स्थापना, सिग्नलिंग, यार्ड आधुनिकीकरण और मल्टीट्रैकिंग के माध्यम से अनुभागीय क्षमता में वृद्धि और मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स एवं आधुनिक रखरखाव सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायपुर में इन सुविधाओं के विकसित होने से आम यात्रियों के साथ-साथ छात्रों, मरीजों, उद्योगपतियों और व्यापारियों सभी वर्गों को राहत मिलेगी। राज्य सरकार रेलवे मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित कर इस योजना को तेज गति से धरातल पर उतारने के लिए हर संभव सहयोग देगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश के सर्वाधिक बेहतर रेल संपर्क वाले राज्यों में शामिल होगा और यह परिवर्तन “विकसित भारत @2047” के संकल्प को सशक्त करेगा।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में 41 हजार करोड़ रूपए की लागत से रेलवे सुविधाओं के विस्तार का काम तेजी से चल रहा है, जिसमें रेल्वे ट्रैक का विस्तार, रेलवे लाईन का दोहरीकरण, रेलवे फ्लाई ओवर एवं ब्रिज आदि का निर्माण शामिल है। केंद्र सरकार ने इस साल के बजट में छत्तीसगढ़ राज्य में रेल्वे सुविधा के विकास के लिए 6925 करोड़ रूपए का प्रावधान किया है। इससे राज्य में रेल परियोजनाओं के कामों को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ में रेलवे के उन्नयन और विकास के लिए 41,000 करोड़ रुपए के निवेश से नई रेल लाइनों, रेलवे फ्लाईओवर और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य में रेलवे का शत-प्रतिशत इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हो गया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय रेलवे मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी को छत्तीसगढ़ की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को अभूतपूर्व रेल परियोजनाओं की सौगात मिली है। ये परियोजनाएं राज्य के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी और जनता को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय के कारण छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क विस्तार की ऐतिहासिक पहल हो रही है। इससे यात्री सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ औद्योगिक, खनिज और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क विस्तार से न केवल यात्री परिवहन बल्कि खनिज संपदा और औद्योगिक उत्पादों के निर्यात में तेजी आएगी। इससे राज्य में व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

छत्तीसगढ़ में रेलवे के दीर्घकालिक विकास के लिए रावघाट-जगदलपुर, धरमजयगढ़-लोहरदगा और खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा जैसी कई नई रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को ऐतिहासिक रेलवे बजट प्राप्त हुआ है। यह राज्य की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास और यात्री सुविधाओं को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार इस विकास यात्रा को और आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

गौरतलब है कि रावघाट रेलवे लाइन के अन्तर्गत दल्लीराजहरा-अंतागढ़ (77 किमी) सेक्शन चालू, यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है। रावघाट तक विस्तार कार्य प्रगति पर, जिससे भिलाई इस्पात संयंत्र को लौह अयस्क की आपूर्ति होगी और ग्रामीणों को किफायती यातायात सुविधा मिलेगी। इसी तरह के.के. रेल लाइन दोहरीकरण के अन्तर्गत 170 किमी में से 148 किमी का कार्य पूर्ण हो चुका है। इससे बस्तर और दंतेवाड़ा जिले की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। आवागमन आसान और माल परिवहन सुविधाजनक हो सकेगा। 4021 करोड़ रूपए की लागत वाली डोंगरगढ़-कवर्धा-कटघोरा रेल लाइन परियोजना की लंबाई 295 किमी है। इसके निर्माण से खनिज परिवहन, यात्री सुविधाएं और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कोरबा-अंबिकापुर नई रेल लाइन से सरगुजा क्षेत्र को नए विकास की दिशा मिलेगी। गढ़चिरौली-बीजापुर-बचेली 490 किमी लंबी परियोजना के सर्वेक्षण के लिए 12.25 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। सरडेगा-भालुमुडा डबल लाइन से ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

देश के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी नायकों का योगदान अद्वितीय : मुख्यमंत्री साय

0

रायपुर। स्वाधीनता आंदोलन के साथ-साथ राष्ट्र व समाज के नवनिर्माण में आदिवासी नायकों एवं महापुरूषों का अद्वितीय योगदान है। हल्बा, हल्बी एवं आदिवासी समाज सहित संपूर्ण भारतवर्ष के गौरव शहीद गैंद सिंह नायक ने हमारे देश में आजादी का आंदोलन का सर्वप्रथम शंखनाद किया था। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज जिला मुख्यालय दुर्ग के गोकुल नगर स्थित हल्बा शक्ति स्थल में अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी समाज द्वारा आयोजित 35वां मिलन समारोह एवं शक्ति दिवस पर्व को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर हल्बा-हल्बी समाज के नवनिर्मित कार्यालय का लोकार्पण भी किया। श्री साय ने शक्ति स्थल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हल्बा समाज के युवा-युवतियों को आवासीय कोचिंग सुविधा प्रदान करने हेतु 50 लाख रूपए तथा पुलगांव दुर्ग स्थित कंवर समाज के सामाजिक भवन में बाउण्ड्रीवॉल निर्माण हेतु 25 लाख रूपए की स्वीकृत किए जाने की घोषणा भी की। इस अवसर पर उन्होंने हल्बा-हल्बी समाज के सामाजिक पत्रिका ’समाज’ का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य सहित पूरे देश में आजादी के आंदोलन का सूत्रपात सर्वप्रथम जनजातीय समाज के नायको ने किया था। शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गैंद सिंह नायक सहित जनजाति नायकों एवं देशभक्तों ने अंग्रेजों के खिलाफ कुल 14 क्रांतियों का शंखनाद किया था। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी ने जनजाति वर्ग के उत्थान एवं विकास के लिए सर्वप्रथम केन्द्रीय जनजाति कार्यालय मंत्रालय का गठन भी किया गया था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर राजधानी रायपुर में जनजाति समाज के नायकों एवं वीर सपूतों के योगदान तथा अमर गाथाओं को नई पीढ़ी को परिचित कराने साथ-साथ उसके संरक्षण और संवर्धन हेतु विशाल आदिवासी संग्रहालय का निर्माण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने दो वर्षों में प्रधानमंत्री श्री मोदी की अधिकांश गारंटियों को प्राथमिकता से पूरा किया है। राज्य की लगभग 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ, तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रूपए प्रति मानक बोरा के हिसाब से पारिश्रमिक तथा किसानों को धान का मूल्य 3100 रूपए प्रति क्विंटल दिया जा रहा है। 26 लाख से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास की मंजूरी दी गई है। राज्य में भी नक्सलवाद अपने अंतिम सांस गिन रहा है। नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से 400 से अधिक गांवों में विकास के काम तेजी से हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा भी 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर पूरे देश में अग्रणी राज्य बनाने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम को सांसद श्री विजय बघेल और पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, हल्बा-हल्बी समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री खलेन्द्र ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष श्री ललित चन्द्राकर, अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

5वीं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का फाइनल आज : बिलासपुर vs रायपुर

0

राजनांदगांव। अखिल भारतीय स्तर की 5वीं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग अपने निर्णायक दौर में पहुँच चुकी है। प्रतियोगिता के सातवें दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद आज फाइनल मैच बिलासपुर और रायपुर स्पोर्ट्स अकादमी के बीच खेला जाएगा।

सातवें दिन मुख्य अतिथि के रूप में जिला वन अधिकारी आयुष जैन और कार्यक्रम की अध्यक्षता गुजराती स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती सुषमा शुक्ला ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ खिलाड़ी कुतुबुद्दीन सोलंकी, रमेश डाकलिया, गणेश प्रसाद शर्मा, प्रिंस भाटिया, राजू रंगारी, शैलेंद्र तिवारी, जया शुक्ला और श्रिया शुक्ला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सेमीफाइनल मुकाबलों का नतीजा
पहले सेमीफाइनल में रायपुर स्पोर्ट्स अकादमी ने उत्तर प्रदेश को 5-4 से हराया। रायपुर की ओर से लियाँज़, इमिनाज़ ने 1-1 और मनीष ने 3 गोल किए। उत्तर प्रदेश की ओर से हिमांशु, देवेंद्र ने 1-1 और नितिन ने 2 गोल किए।

दूसरे सेमीफाइनल में खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर ने बिहार को 6-5 शूटआउट में हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

पुरस्कार वितरण
चीखली स्कूल मैदान में हॉकी देखने हज़ारों दर्शक पहुंचे। बेस्ट दर्शक अवार्ड आज संजय सोनवानी, नंदई चौक को दिया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चयनित खिलाड़ियों को स्व. मो. तौफीक की स्मृति में तथा जया शुक्ला और श्रिया शुक्ला द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।

सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में:

बिलासपुर: राहुल ठाकुर

उत्तर प्रदेश: नितिन

रायपुर: मनीष मौर्या

आज होगा फाइनल मुकाबला
प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला आज बिलासपुर और रायपुर स्पोर्ट्स अकादमी के बीच खेला जाएगा। खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आयोजक उम्मीद कर रहे हैं कि फाइनल मैच रोमांचक और उच्चस्तरीय हॉकी का शानदार प्रदर्शन पेश करेगा।

संपत्ति अपराधों पर अंकुश के लिए पुलिस की नई पहल, ‘ब्लैक पैंथर स्क्वाड’ का गठन

0

राजनांदगांव। ठंड के मौसम में रात्रि काल के दौरान घटित होने वाले संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने एक नई पहल की है। इस पहल के तहत संपत्ति अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष गश्त दस्ता ब्लैक पैंथर स्मड का गठन किया गया है।
यह दस्ता नियमित गश्त से अलग एक विशेष एवं फोकस्ड गश्ती इकाई के रूप में कार्य करेगा। ब्लैक पैंथर स्मड बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों की चेकिंग करेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह दस्ता शहरी क्षेत्रों, विशेषकर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में प्रतिदिन रात्रि 1 बजे से सुबह 4.30 बजे तक सक्रिय रहेगा।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान में नियमित गश्त थानों एवं जिला स्तर से की जाती है, वहीं ब्लैक पैंथर स्मड अतिरिक्त व्यवस्था के रूप में विशेष रूप से संपत्ति अपराधों पर नियंत्रण के लिए तैनात किया गया है, जो एक स्पेशल फोकस्ड स्मड की तरह कार्य करेगा।
राजनांदगांव पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

छुईखदान में तीन कृषि केंद्रों पर कार्रवाई, 2300 किलो अवैध जैव उर्वरक जब्त

0

खैरागढ़। किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले में सतत निरीक्षण व जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छुईखदान विकासखंड में कृषि विभाग की टीम ने गायत्री कृषि केंद्र, अन्नदाता कृषि केंद्र एवं कमल कृषि केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों में बिना वैध पंजीयन एवं अनुज्ञा प्रमाण पत्र के जैविक उर्वरक का भंडारण और विक्रय हेतु संधारण किया जाना पाया गया। जांच में कुल 2300 किलोग्राम जैव उत्प्रेरक (जैव उर्वरक) बरामद किया गया, जिसे नियमानुसार जब्ती बनाकर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्ता युक्त, प्रमाणित और मानक के अनुरूप कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों के उल्लंघन, अवैध भंडारण या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रय केंद्रों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में उप संचालक कृषि राजकुमूार सोलंकी, सहायक संचालक लुकमान साहू, शाखा प्रभारी लखेश्वर तिवारी एवं वीरेंद्र वर्मा की सक्रिय भूमिका रही।

चाकूबाजी रोकने पुलिस की अपील, धारदार हथियार स्वेच्छा से जमा करें

0

राजनांदगांव। चाकूबाजी एवं धारदार हथियारों के दुरुपयोग से होने वाले अपराधों की रोकथाम को लेकर राजनांदगांव पुलिस ने आम जनता के लिए आवश्यक सूचना जारी की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन, फ्लिपकार्ट सहित अन्य माध्यमों से ऑनलाइन मंगाए गए किचन उपयोग के चाकुओं को छोड़कर, अन्य सभी प्रकार के चाकू एवं धारदार हथियार अपने नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर सेल, राजनांदगांव में स्वेच्छा से जमा करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन मंगाए गए चाकुओं एवं अन्य धारदार हथियारों की जांच साइबर सेल के माध्यम से की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा ऐसे हथियार निर्धारित समयावधि में स्वयं जमा नहीं किए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और जारी की गई इस एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

नगर भ्रमण कर रमन ने लिया बिजली, पानी व सफाई व्यवस्था का जायजा

0

डोंगरगढ़। नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे ने नगर भ्रमण कर विभिन्न वार्डों में सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर फैली गंदगी को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और मौके पर ही सफाई निरीक्षक को तत्काल सफाई कराने व कचरा निस्तारण के निर्देश दिए।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका में कर्मचारियों की संख्या सीमित है, जबकि नालियों और सफाई क्षेत्र का दायरा बढ़ गया है। इस कारण कभी-कभी सफाई में देरी हो जाती है, लेकिन इसके बावजूद पालिका अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता से कर रही है। उन्होंने कहा कि निर्धारित रूटीन और कर्म योजना के अनुसार प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से नालियों की सफाई कराई जा रही है तथा चौक-चौराहों पर फैली गंदगी को भी समय-समय पर साफ करने के निर्देश दिए जाते हैं।
नगर भ्रमण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रशासन किसानों से जबरदस्ती रकबा समर्पण न कराए : विधायक हर्षिता

0

डोंगरगढ़। ब्लॉक के मोहारा क्षेत्र में किसानों से जबरन रकबा समर्पण कराए जाने की शिकायत पर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कड़ा रुख अपनाया है। मुड़िया निवासी किसान सुखराम वर्मा (पिता कालूराम वर्मा) द्वारा दी गई शिकायत के बाद विधायक तत्काल मोहारा धान खरीदी केंद्र पहुंचीं और किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
किसानों ने बताया कि तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी द्वारा भौतिक सत्यापन के नाम पर मुड़िया, खपरी सहित अन्य गांवों में किसानों को परेशान किया जा रहा है। शिकायत मिलते ही विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने मौके पर मौजूद पटवारी से पूछताछ की और इसके बाद डोंगरगढ़ तहसीलदार से फोन पर चर्चा करते हुए कहा कि किस आदेश के तहत किसानों को इस तरह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की कार्रवाई पर तुरंत रोक लगनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि प्रशासन किसानों से जबरदस्ती रकबा समर्पण नहीं कराए। किसान पहले से ही कई समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की शिकायतें आगे भी मिलीं तो वे मामले को उच्च स्तर पर उठाएंगी।
इस दौरान ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश सिन्हा, मुड़िया सरपंच प्रतिनिधि धर्मेंद्र मंडावी, संतोष वर्मा (हरिओम), दयाल साहू, दयालुराम वर्मा, रंजीत भारती, सहसपुर सरपंच युवराज चंद्रवंशी, टुमन लाल साहू, शत्रुघ्न साहू, कमलेश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

खिलाड़ियों से मिले महापौर, मैदान की समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा

0

राजनांदगांव। वार्ड भ्रमण और नागरिकों से संवाद की कड़ी में महापौर मधुसूदन यादव ने शुक्रवार सुबह लखोली क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान वे लखोली स्कूल मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। खिलाड़ियों की मांग पर महापौर ने मैदान से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

महापौर यादव ने बताया कि खिलाड़ियों द्वारा उठाई गई समस्याओं से विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. रमन सिंह को अवगत कराया जाएगा, ताकि मैदान के विकास से जुड़े कार्यों का जल्द निराकरण किया जा सके। उन्होंने मैदान में बड़ी संख्या में बच्चों को खेलते देखकर प्रसन्नता जताई और कहा कि आज के समय में मोबाइल के बढ़ते उपयोग के कारण बच्चों का खेलों से रुझान कम हो रहा है, ऐसे में मैदान में बच्चों की सक्रियता सुखद संकेत है।

महापौर ने खिलाड़ियों से संवाद के दौरान कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, इसलिए खेलकूद जीवन का अहम हिस्सा है। खिलाड़ियों ने उन्हें मैदान की समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि मैदान का समतलीकरण जरूरी है, साथ ही रात में खेलने के लिए हाईमास्ट लाइट की आवश्यकता है। इसके अलावा मैदान में स्थित बंद भवन की मरम्मत कर वहां जिम सामग्री लगाने तथा बस्ती की ओर कचरा फेंके जाने से रोकने के लिए बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग भी रखी गई।

महापौर यादव ने कहा कि इस संबंध में क्षेत्र के पार्षद डीलेश्वर प्रसाद साहू, गिरजा संतोष निर्मलकर, संतोष साहू, रीना सिन्हा और चंद्रशेखर लश्करे द्वारा भी ध्यानाकर्षण कराया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हाईमास्ट लाइट, जिम सामग्री और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार कर विधायक डॉ. रमन सिंह से आग्रह किया जाएगा और समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

इस अवसर पर आशीष सोरी, विनोद साहू, प्रकाश यादव, कादिर खान, उमेश साहू, गौरव सोरी, मोनू साहू सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार का विरोध, हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन

0

राजनांदगांव/डोंगरगढ़। बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में हिंदू जागरण मंच ने राजनांदगांव और डोंगरगढ़ में आक्रोश जताया। मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बांग्लादेश सरकार के खिलाफ सख्त कदम उठाने और पीड़ित हिंदुओं को भारत में शरण देने की मांग की।
मंच ने ज्ञापन में हाल की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि बांग्लादेश के मयमनसिंह क्षेत्र में एक हिंदू युवक की हत्या की खबर सामने आई है, जिससे हिंदू समाज में रोष है। मंच का आरोप है कि बांग्लादेश में हिंदुओं को लंबे समय से दबाव, जबरन धर्म परिवर्तन और अन्य गंभीर अपराधों का सामना करना पड़ रहा है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया गया।
हिंदू जागरण मंच का कहना है कि यह घटना सिर्फ बांग्लादेश का आंतरिक विषय नहीं है, बल्कि हिंदू समाज की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। ज्ञापन में मांग की गई कि भारत सरकार कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठोस कार्रवाई करे। साथ ही, वहां पीड़ित हिंदुओं को सुरक्षित निकालकर भारत में शरण देने की व्यवस्था की जाए।
राजनांदगांव में जिलाधीश के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान सुशील लड्ढा, प्रवीण शर्मा, सविता बोस, प्रभात गुप्ता, जुगल गुप्ता, हेमलाल ढीमर, गोविंद साहू, विष्णु सिंह, राजू साहू, कुबेर साहू, महेंद्र जंघेल, हरीश भानुशाली, मनोज गोलछा, मुकेश सोनी, नीलू साहू, रोहित तिवारी, आनंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डोंगरगढ़ में एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन दिया गया। यहां विशाल सुराणा, अभिषेक अग्रवाल, सविता दरगढ़, निखिल शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदू जागरण मंच ने चेतावनी दी कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार नहीं रुके तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार से आग्रह किया गया कि वह इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गंभीरता से उठाए और हिंदू समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करे।