Home Blog Page 442

कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, विक्रांत सिंह बोले-खेल से बढ़ता अनुशासन और आत्मविश्वास

0

खैरागढ़। ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत टेकापारकला में आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा ने की।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के ग्रामीण खेल आयोजनों से पारंपरिक खेलों को बढ़ावा मिलता है और युवाओं में खेल भावना, अनुशासन व टीमवर्क का विकास होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों ही सीख देने वाले होते हैं।
उन्होंने हारने वाली टीमों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है। युवाओं से उन्होंने खेल को जीवन का हिस्सा बनाकर शारीरिक और मानसिक विकास पर ध्यान देने की अपील की।
इस दौरान पुलिस विभाग में चयनित होने पर ग्राम टेकापारकला के युवा मनीष श्रीवास का मंच पर फूल-माला पहनाकर सम्मान किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि नरेश कुर्रे, संतोष वर्मा, अशोक वर्मा, हेमलाल वर्मा, भागी वर्मा, दुर्गा वर्मा, रामकुमार वर्मा, रामचंद वर्मा, चंद्रेश वर्मा, दिनु नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर ग्राम में खासा उत्साह देखने को मिला।

एनएचएम कर्मचारियों के वेतन को लेकर हाहाकार : बजट जारी हुए पखवाड़े बाद भी भुगतान नहीं, एरियर्स और बहाली पर संशय

0

रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों को वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी से प्रदेशभर में असंतोष बढ़ता जा रहा है। राज्य स्तर से जिलों को बजट जारी हुए 15 दिन से अधिक समय बीत चुका है, इसके बावजूद अधिकांश जिलों में कर्मचारियों को न तो बीते माह का वेतन मिला है और न ही 1 जुलाई 2023 से स्वीकृत 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि का एरियर्स।

वेतन न मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। मकान किराया, दवाइयों का खर्च, बच्चों की स्कूल फीस, ठंड के मौसम के कपड़े, घरेलू जरूरतें और बैंक ऋण की किश्तों का भुगतान करना मुश्किल हो गया है।

उल्लेखनीय है कि विभिन्न मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों ने हाल ही में 33 दिनों तक प्रदेशव्यापी हड़ताल की थी। मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के हस्तक्षेप के बाद आंदोलन स्थगित किया गया था। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच से कर्मचारियों की शीघ्र बहाली की घोषणा भी की गई, लेकिन अब तक बहाली की प्रक्रिया शुरू नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।

एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने बताया कि राज्य शासन ने लगभग 15 दिन पहले सभी जिलों को वेतन और एरियर्स के लिए बजट जारी कर दिया था, लेकिन कुछ जिलों को छोड़ अधिकांश स्थानों पर भुगतान अब तक नहीं हो सका है। इससे कर्मचारियों में गहरा रोष और निराशा है।

उन्होंने बताया कि वेतन और एरियर्स का भुगतान SNA–SPARSH नई प्रणाली के माध्यम से कोषालय द्वारा सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में किया जाना है। कई जिलों में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, वहीं कुछ जगह लेखा शाखा के कर्मचारियों को पर्याप्त प्रशिक्षण न मिलने से भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

इन प्रशासनिक और तकनीकी अव्यवस्थाओं का सीधा असर कर्मचारियों पर पड़ रहा है। एनएचएम कर्मचारी संघ ने शासन और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सभी जिलों में लंबित वेतन और एरियर्स का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने तथा हड़ताल के दौरान बर्खास्त कर्मचारियों की अविलंब बहाली की मांग की है।

संत शिरोमणि श्री गुरु घासीदास बाबा जी की जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई

0

डोंगरगढ़। संत शिरोमणि श्री परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी की जयंती के पावन अवसर पर डोंगरगढ़ खंड के ग्राम बधियाटोला में हिंदू जागरण मंच द्वारा श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मनखे-मनखे एक समान जय सतनाम जैसे गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर संत गुरु घासीदास बाबा जी को नमन किया गया तथा माल्यार्पण कर श्रद्धा अर्पित की गई। समानता और सद्भाव का दिया संदेश हिंदू जागरण मंच के वक्ताओं ने कहा कि संत गुरु घासीदास बाबा जी ने समाज को समानताए सत्य और मानवता का मार्ग दिखाया, उनके बताए हुए मार्ग पर चलकर ही समाज में एकता, समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
मंच ने कहा कि संत गुरु घासीदास बाबा जी समस्त हिंदू समाज के लिए पूजनीय हैं और उन्हें भगवान स्वरूप माना जाता है, उनके आदर्शों को अपनाकर ही देश को समृद्ध, सशक्त और समानता युक्त बनाया जा सकता है। संतों के सम्मान में पुष्प वर्षा कार्यक्रम के दौरान हिंदू जागरण मंच द्वारा पुष्प वर्षा कर संतों का सम्मान किया गया। उपस्थित जनसमूह ने संत गुरु घासीदास बाबा जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच से विशाल सुराणा, अभिषेक अग्रवाल, निखिल शर्मा, राजेश चौहान, सचिन सोनकर, जय मेश्राम, अजय शर्मा, सविता दरगड, अलका सहारे, लक्ष्मी यादव, सुलभा सिंह, उमरावती शाह सहित बड़ी संख्या में मंच के कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
जिला संयोजक ने जारी की विज्ञप्ति कार्यक्रम की जानकारी हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुशील लड्ढा द्वारा जारी विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

राष्ट्रीय पेंशनर्स दिवस पर संगोष्ठी, पेंशन को बताया कानूनी अधिकार

0

राजनांदगांव। राष्ट्रीय पेंशनर्स दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन की जिला इकाई ने न्यू सिविल लाइन स्थित संघ कार्यालय (एच/51) में संगोष्ठी का आयोजन किया। इसमें पेंशन को सेवानिवृत्त कर्मचारियों का कानूनी अधिकार बताते हुए वर्तमान पेंशन व्यवस्था और भविष्य की चुनौतियों पर गंभीर मंथन किया गया।
एसोसिएशन के संरक्षक, विभागीय उप समिति के जिला संयोजक, जिला शाखा सचिव एवं दुर्ग संभाग के संभागीय अध्यक्ष आनंदकुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 17 दिसंबर 1982 को सुप्रीम कोर्ट ने डीएस नकारा बनाम भारत सरकार प्रकरण में ऐतिहासिक फैसला देते हुए स्पष्ट किया था कि पेंशन कोई दया या कृपा नहीं, बल्कि सेवा अवधि में किए गए कार्यों के बदले एक वैधानिक अधिकार है। इसी फैसले की स्मृति में 17 दिसंबर को राष्ट्रीय पेंशनर्स दिवस मनाया जाता है।
संगोष्ठी में जीआर देवांगन, केपी सिंह और बीएल कडबे ने कहा कि पेंशन बुजुर्गों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा का आधार है। यह सरकार की मनमर्जी पर निर्भर नहीं, बल्कि कर्मचारियों के जीवनभर के योगदान का प्रतिफल है।
वक्ताओं ने पेंशन व्यवस्था के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी अवधारणा यूरोप में शुरू हुई और भारत में औपनिवेशिक काल के दौरान लागू हुई। आजादी के बाद भारत ने कल्याणकारी राज्य के रूप में पेंशन को सामाजिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन बनाया।
कार्यक्रम में नई पेंशन योजना (एनपीएस) को लेकर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि 2004 में पुरानी पेंशन योजना बंद कर एनपीएस लागू किए जाने से कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा कमजोर हुई। हाल में प्रस्तावित यूपीएस को भी पेंशनरों के हित में अपर्याप्त बताया गया।
संगोष्ठी में यह मुद्दा भी उठाया गया कि छत्तीसगढ़ में वर्क चार्ज व कंटीजेंसी कर्मचारियों को नियमित किए जाने के बावजूद उन्हें मात्र 7,500 रुपए पेंशन मिल रही है, जो आज के दौर में अपर्याप्त है। साथ ही बताया गया कि वर्ष 2036 तक देश में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की संख्या 22 करोड़ से ज्यादा हो जाएगी, जिनकी सामाजिक सुरक्षा के लिए अभी से ठोस नीति बनाना जरूरी है।
संगोष्ठी के बाद फोरम ऑफ रिटायर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स छत्तीसगढ़ की ओर से पेंशनर्स हित में केंद्रीय आठवें वेतन आयोग की संभावित विसंगतियों को लेकर प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया।

जल जीवन मिशन से ग्राम रेंगाकठेरा में घर-घर तक पहुंचा स्वच्छ जल

0

राजनांदगांव। डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत माथलडबरी अंतर्गत आने वाले ग्राम रेंगाकठेरा में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ जल पहुंचने से गांव की तस्वीर बदल गयी है। ग्राम रेंगाकठेरा में लगभग 260 परिवार रहते हैं, जिन्हें पीने के लिए घर में ही स्वच्छ जल मिलने लगा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल की उपलब्धता को सुनिश्चित की जा रही है। जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पानी पहुंचाना है। जिससे ग्रामीण जीवन में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। सरपंच श्रीमती मधु ओमेश यदु ने बताया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत लगभग 260 नल कनेक्शन स्थापित किया गया है, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पानी प्राप्त हो रहा है। स्वच्छ पानी की उपलब्धता से जल जनित बीमारियों में कमी आयी है, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। मिशन के अंतर्गत जल संरक्षण और कुशल उपयोग के लिए जागरूकता कार्यक्रम सतत चलाये जा रहे हैं। जिससे दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित की जा सके। ग्राम हर घर जल घोषित हो गया है। गांव की निवासी श्रीमती ममता यदु ने बताया कि जल जीवन मिशन से न केवल पानी की समस्या का समाधान हुआ है, बल्कि यह ग्रामीण विकास और आर्थिक समृद्धि का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बन गया है।

ग्राम पंचायत सिंघोला में सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर शिविर का आयोजन

0

राजनांदगांव। जनपद पंचायत राजनांदगांव के ग्राम पंचायत सिंघोला में सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर शिविर का आयोजन किया गया। जिले में सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर 2025 अंतर्गत 19 दिसम्बर से 25 दिसम्बर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का निराकरण संबंधित विभागों द्वारा किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम सिंघोला में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देने एवं लाभान्वित करने के उद्देश्य से स्टॉल लगाया गया। जिसमें कुल 177 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 79 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, जनपद सदस्य श्रीमती खुशबू साहू, जनपद सदस्य श्रमती देवकुमारी साहू, सरपंच सिंघोला मुकेश साहू, सीईओ जनपद पंचायत मनीष साहू, सिंघोला क्लस्टर में आने वाले अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंच, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर अभियान के माध्यम से राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग से सुशासन को बढ़ावा देना एवं शासकीय योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए नगर स्तर पर ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों के कलस्टर में विशेष शिविरों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं को जनसामान्य तक सुगमता से पहुंचाने एवं सार्वजनिक शिकायतों का विशेष शिविरों के माध्यम से निराकरण किया जा रहा है। क्षेत्रीय ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को आमंत्रित करते हुए नियुक्त नोडल अधिकारी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों की शिकायत एवं मांग के आवेदनों को एकत्रित कर तत्काल संबंधित विभागों को वितरित करेंगे तथा परीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करेंगे।

समर्थन मूल्य पर खरीदी से बढ़ी राहत, 616 करोड़ से अधिक का धान उपार्जन

0

राजनांदगांव। जिले में धान खरीदी अभियान से किसानों में हर्ष व्याप्त है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत धान खरीदी महाभियान के तहत शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में धान खरीदी सुचारू संचालन के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। धान खरीदी कार्य के लिए इलेक्ट्रानिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाईस मशीन, श्रमिक एवं अन्य व्यवस्था की गई है। आर्द्रता मापी यंत्र से किसानों के धान का परीक्षण किया जा रहा है। जिले के सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की दर एवं सूची व फ्लैक्स लगाए गए है। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों की सतत निगरानी रखने तथा कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। धान बिक्री के लिए किसान टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे है। जिससे उनके समय की बचत हो रही है और उन्हें सुविधा मिल रही है। उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में 50451 पंजीकृत किसानों से 616 करोड़ 74 लाख 57 हजार रूपए मूल्य का 2597284 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। धान का उठाव भी लगातार जारी है। अब तक धान उपार्जन केन्द्रों से 308146.80 क्विंटल धान का उठाव किया गया है।

धान बिक्री से लक्ष्मी के घर आई समृद्धि : अच्छी व्यवस्था से आसान हुई धान बिक्री, 24 घंटे में मिला भुगतान

0

राजनांदगांव। राज्य सरकार की धान खरीदी नीति और जिले में चल रही धान खरीदी व्यवस्था से धान का विक्रय करना आसान हो गया है। शासन द्वारा 3100 रूपए प्रति कि्ंवटल की दर से प्रति एकड़ 21 कि्ंवटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों की वास्तविक उपज को समर्थन मूल्य में खरीदी कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है। शासन-प्रशासन द्वारा धान खरीदी केन्द्रों में मिल रही सुविधाओं और पारदर्शी खरीदी पर जिले के किसान बहुत खुश है।
ग्राम परेवाडीह के किसान श्रीमती लक्ष्मी बंजारे ने बताया कि वे 30 क्विंटल धान विक्रय करने के लिए राजनांदगांव विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र गठुला आई है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्र में दूसरी बार ऑनलाईन टोकन कटने के बाद धान बिक्री की है। उन्होंने बताया कि पहले टोकन में धान बिक्री से उन्हें 24 घंटे के भीतर एकमुश्त राशि मिली है। उन्होंने बताया कि उनके पास 3 एकड़ 2 डिसमिल खेती जमीन है। जिसमें वे धान की फसल लिए थे। सोसायटी से खाद-बीज समय पर उपलब्ध हुआ और किसान के्रडिट कार्ड के माध्यम से खेती किसानी के लिए ऋण उपलब्ध हुआ जिससे फसल का अच्छा उत्पादन हुआ है। किसान श्रीमती लक्ष्मी ने बताया कि एकमुश्त राशि मिलने से अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने और कृषि कार्य को अच्छे से करने के लिए मदद मिल रही है। उन्होंने बताया कि वे दोहरी फसल लेती है, जिसमें वे गेंहू और चना फसल लगाई है। उन्होंने कहा कि शासन की धान खरीदी नीति से किसानों के जीवन स्तर में परिवर्तन आया है। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से जीवन स्तर बढ़ा है।
किसान श्रीमती लक्ष्मी ने बताया कि पहले सोसायटी में टोकन के लिए काफी समस्या होती थी, लेकिन अब मोबाईल एप्प के माध्यम से ही घर बैठे ऑनलाईन टोकन तुंहर हाथ एप्प से 24 घंटे टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिली है, जो कि उनके लिए काफी सुविधाजनक साबित हुआ है। उन्होंने धान विक्रय के लिए ऑनलाईन टोकन लिए थे और आज वे धान खरीदी केन्द्र में अपना धान लेकर आ गए हैं। जिसके पश्चात् समय पर ही उनके धान की आर्द्रता माप कर, पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया गया। बारदाना में धान भरने, इलेक्ट्रानिक मशीन से तौलाई, सिलाई तथा स्टेक में रखने हेतु खरीदी केन्द्र में पर्याप्त मात्रा में कर्मचारी उपलब्ध है, जिनके माध्यम से समय पर ही उनका धान विक्रय हुआ है। उन्होंने बताया कि धान उपार्जन केन्द्र में अच्छी व्यवस्था होने से उनके धान की बिक्री आसानी से समय पर सुनिश्चित हुआ है, जिससे वे बहुत ही संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्र में पहुॅचने वाले किसानों के लिए बैठक, पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्था है, जो उन्हें धान खरीदी के कार्य में काफी सुविधाजनक लगा। किसान श्रीमती लक्ष्मी बंजारे ने धान उपार्जन केन्द्र में की गई बेहतर व्यवस्था, पारदर्शिता और शीघ्र भुगतान के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

बाबा गुरू घासीदास जी ने समाज को दिखाई एक नई राह : डॉ. रमन सिंह

0

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मिनीमाता बाजार चौक सोमनी में आयोजित गुरू घासीदास बाबा जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष ने गुरू घासीदास बाबा के तैल चित्र पर पुष्प अर्पण कर आशीर्वाद लिया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने गुरू घासीदास बाबा जयंती के अवसर पर ग्राम सोमनी में अटल सद्भावना भवन निर्माण के लिए 30 लाख रूपए और मॉडल जैतखाम निर्माण के लिए 5 लाख रूपए की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी को गुरू घासीदास जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बाबा गुरू घासीदास जी का सफेद ध्वज शांति, सद्भावना, भाईचारा एवं एकता का प्रतीक चिन्ह है। उन्होंने कहा कि बाबा गुरू घासीदास जी ने समाज को एक नई राह दिखाई है। बाबा गुरू घासीदास ने समाज को जोड़ने का कार्य किया है। इसी उद्देश्य को लेकर उनका अवतरण हुआ था। उन्होंने कहा कि गुरू घासीदास बाबा जी के आशीर्वाद से देश और प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और विकास के कार्य तेजी के साथ बढ़ रहे है। बाबा गुरू घासीदास जी के जन्मस्थली गिरौदपुरी धाम में कुतुबमीनार से ऊंचा जैतखाम, सड़क और विकास के अनेक कार्य किए गए है।
कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन डॉ. दादू लाल जोशी ने दिया। इस अवसर पर समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, जिला पंचायत के सदस्य अंगेश्वर देशमुख, सरपंच श्रीमती नीलिमा साहू, सतनामी समाज के अध्यक्ष तामेश्वर बंजारे, सतनामी समाज के सचिव अश्वनी बांधे, रोहित चंद्राकर, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में सतनामी समाज एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में इनामों की घोषणा : विजेता को 31 हजार रूपये व उपविजेता को 21 हजार रूपये, 12 टीमें उतरेंगी मैदान में

0

राजनांदगांव। रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित बहुप्रतिष्ठित 5वीं छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2025 का आयोजन 21 से 28 दिसंबर तक ढाबा रोड स्थित चिखली स्कूल मैदान में किया जाएगा। आठ दिनों तक चलने वाले इस अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट में देश और प्रदेश की 12 चुनिंदा टीमें हिस्सा लेंगी और रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट को लेकर आयोजकों ने पुरस्कार राशि की भी घोषणा कर दी है। समाजसेवी बलदेव सिंह भाटिया ने अपने पूज्य पिता स्व. सुरजीत सिंह भाटिया की स्मृति में विजेता टीम को 31 हजार रुपए नगद देने की घोषणा की है। वहीं समाजसेवी बहादुर अली द्वारा अजीज मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए की नगद राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों का स्वागत रेलवे स्टेशन पर किया जाएगा। इसके बाद चिखली चौक से चिखली स्कूल मैदान तक रैली निकालकर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के भोजन और आवास की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही मेडिकल टीम, आपात सेवाएं, पेयजल, इको-फ्रेंडली वाहनों से आवागमन, मैच ऑफिशियल्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा बेस्ट प्लेयर और बेस्ट दर्शक पुरस्कार भी रखे गए हैं।
सांसद संतोष पाण्डेय द्वारा घोषित फ्लड लाइट का कार्य तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले कार्य पूरा हो जाएगा और मैच फ्लड लाइट की रोशनी में कराए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं एनआईएस गोल्ड मेडलिस्ट कोच मृणाल चौबे ने बताया कि टूर्नामेंट में 50 प्रतिशत टीमें छत्तीसगढ़ की और 50 प्रतिशत टीमें अन्य राज्यों की होंगी। इससे प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट फॉर्मेट में खेली जाएगी।
प्रतियोगिता में हिस्से लेने वाली टीमों में खेलो इंडिया सेंटर, राजनांदगांव, जिला हॉकी संघ, राजनांदगांव, अमरावती एकादश (महाराष्ट्र), आरके रॉय हॉकी अकादमी, पटना (बिहार), भोपाल एकादश (मध्यप्रदेश), सेल हॉकी अकादमी, राउरकेला (ओडिशा), तमिलनाडु एकादश, चेन्नई, मेंघबरन सिंह हॉकी अकादमी, गाजीपुर (उत्तर प्रदेश), स्टेट खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर, जिला हॉकी संघ, कवर्धा, जिला हॉकी संघ, दुर्ग एवं झारखंड एकादश शामिल है।
पत्रकार वार्ता में मौजूद वार्ड पार्षद शिव वर्मा और सुनील साहू ने बताया कि पटरी पार क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी की भी संभावना जताई जा रही है।