Home प्रदेश “लैंडिंग के दौरान कंट्रोल से बाहर हुआ और क्रैश हो गया विमान!...

“लैंडिंग के दौरान कंट्रोल से बाहर हुआ और क्रैश हो गया विमान! अजित पवार “

6
0

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार की बुधवार को विमान दुर्घटना में मौत हो गई। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पुष्टि की कि विमान में सवार अजित पवार समेत सभी पांच यात्रियों की मौत हो गई है।

उपमुख्यमंत्री अजित पवार बुधवार को जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चल रहे चुनावों के बीच जनसभा में शामिल होने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। उनका विमान बारामती के पास लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह दुर्घटना सुबह करीब 9 बजे हुई।

क्रैश की वजह

बताया जा रहा है कि विमान बारामती के एक एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान कंट्रोल से बाहर हो गया और क्रैश हो गया। क्रैश के बाद विमान में आग लग गई। अजित पवार और दो क्रू मेंबर समेत कुल पांच लोग प्लेन में सवार थे। जानकारी के अनुसार, विमान में सवार कोई भी व्यक्ति इस दुर्घटना में जीवित नहीं बचा है।

आग का गोला बना विमान

घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में आग और धुआं, विमान का मलबा और घायलों को पास के अस्पतालों में ले जाती एम्बुलेंस दिखाई दी। दुर्घटनास्थल पर लोग हर संभव तरीके से मदद करने की कोशिश कर रहे थे। पुणे के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के अनुसार, तीन शवों को बारामती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है।

घटना स्थल पहुंचे डीजीसीए के अधिकारी

फिलहाल, डीजीसीए अधिकारियों की एक टीम विमान दुर्घटनास्थल पर पहुंची है। आपातकालीन सेवाएं और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।

दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हुआ पवार परिवार

एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, एनसीपी-एसपी की सांसद सुप्रिया सुले और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का परिवार (पत्नी सुनेत्रा पवार और बेटे पार्थ पवार) दिल्ली में थे। बताया जा रहा है कि प्रफुल्ल पटेल और अजित पवार का परिवार दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो चुका है।