राजनांदगांव। मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने आज प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों में लंबित और निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम टेड़ेसरा, सुरगी, कुभटगांव और संबलपुर के हितग्राहियों से चर्चा कर आवास निर्माण को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए प्रोत्साहित किया।
सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवास निर्माण को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने हेतु हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने ग्राम रोजगार सहायक को यह भी कहा कि वे नियमित रूप से मानव दिवस आयोजित कर निर्माण कार्य की गति और निगरानी सुनिश्चित करें।
सुरुचि सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किस्त राशि का भुगतान आवास निर्माण की प्रगति के अनुसार ही किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों ने सीईओ को योजना के तहत प्राप्त किस्त राशि की जानकारी दी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जो हितग्राही समय-सीमा में आवास निर्माण पूर्ण कर लेंगे, उनका सम्मान ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी सहायक, आवास नोडल अधिकारी, आवास योजना के कर्मचारी तथा संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और आवास मित्र भी मौजूद रहे। यह निरीक्षण योजना की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



