Home प्रदेश दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा बोले- ‘अमेरिका से टैरिफ कटौती भारत...

दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा बोले- ‘अमेरिका से टैरिफ कटौती भारत के लिए राहत…

10
0

दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा है कि भारत के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. अमेरिका ने भारत पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ (शुल्क) को कम कर दिया है, जिससे भारतीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा.

उन्होंने इसे देश के लिए ‘गुड न्यूज’ बताते हुए कहा कि इससे भारत के उद्योग, व्यापारियों और निवेश के माहौल को मजबूती मिलेगी.

प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और यहां होने वाले विकास कार्यों में केंद्र सरकार की अहम भूमिका रहती है. दिल्ली को केंद्र सरकार से कई योजनाओं और परियोजनाओं के तहत मदद मिलती है. रेलवे, स्वास्थ्य, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), शिक्षा और खेल जैसे क्षेत्रों में केंद्र के सहयोग से बड़े काम हो रहे हैं.

पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले दिल्ली में बार-बार धरना, हड़ताल और सड़कों पर लेटने की राजनीति होती थी, जिससे न सिर्फ तत्कालीन मुख्यमंत्री को नुकसान हुआ बल्कि दिल्ली का भी बड़ा नुकसान हुआ. उन्होंने कहा कि उस दौर में कई काम रुक जाते थे और फाइलें अटक जाती थीं. लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं.

‘सभी विभाग पूरी गति से कर रहे काम’

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अब दिल्ली में कोई झगड़ा नहीं है और कोई काम नहीं रुक रहा. सभी विभाग पूरी गति से काम कर रहे हैं. फाइलें बिना किसी बाधा के आगे बढ़ रही हैं और दिल्ली तेजी से ‘विकसित दिल्ली’ की ओर बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के हालिया बजट में भी विकसित भारत की साफ झलक दिखाई देती है.

प्रवेश वर्मा के अनुसार, इस बजट में स्वास्थ्य, युवाओं और व्यापारियों पर खास ध्यान दिया गया है. बायोफार्मा सेक्टर में निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा, नई यूनिवर्सिटी और एम्स जैसे संस्थानों को मजबूत किया जाएगा. खेलो इंडिया मिशन के तहत खेल सुविधाओं का भी विस्तार होगा.

‘दिल्ली को केंद्र सरकार से मिलेंगे करोड़ों रुपये’

उन्होंने बताया कि दिल्ली को केंद्र सरकार से 1348 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि रेलवे से जुड़े कार्यों के लिए करीब 2700 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. इससे दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी. इसके अलावा एम्स सहित केंद्र सरकार के अस्पतालों को लगभग 5500 करोड़ रुपये का बजट मिला है, जिससे अस्पतालों की सुविधाएं और बेहतर होंगी.

प्रवेश वर्मा ने कहा कि एसटीपी प्लांट के लिए भी केंद्र से धन मिल रहा है. समय-समय पर दिल्ली सरकार योजनाएं बनाकर केंद्र को भेजती है और वहां से पूरा सहयोग मिलता है.

मंत्री प्रवेश वर्मा ने साझा किया राजनीतिक अनुभव

उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव को साझा करते हुए कहा कि जब उनके पिता दिल्ली के मुख्यमंत्री थे, उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और तालमेल की कमी महसूस होती थी. लेकिन आज सौभाग्य से दिल्ली और केंद्र दोनों जगह एक ही विचारधारा की सरकार है, जिसके कारण विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का सीधा फायदा दिल्ली की जनता को मिल रहा है और आने वाले समय में यह फायदा और बढ़ेगा.