कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार (6 फरवरी) को भारतीय जनता पार्टी पर करारा हमला किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की रक्षा पर नहीं बोलते हैं, लेकिन राहुल गांधी सवाल पूछते हैं तो भाजपा को मिर्ची लग जाती है.
खरगे ने संसद के बजट सत्र से इतर प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने कई मुद्दों को उठाया. कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने सिख धर्म का भी जिक्र किया.
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, ‘देश की रक्षा पर पीएम नहीं बोलते हैं. प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कोई खास बात नहीं की. पीएम ने हम लोगों की बात का एक भी जवाब नहीं दिया.’ उन्होंने कहा, ‘सिखों का अपमान नहीं किया गया था जो बात हो रही थी, दोस्ती में हो रही थी. सिख धर्म बहुत बड़ा धर्म है. कांग्रेस ने दो बार सिख को प्रधानमंत्री बनाया. कांग्रेस सिख का अपमान नहीं करती है.’
पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर लगाया था सिखों के अपमान का आरोप
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर सिख गुरुओं का अपमान करने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा था कि इस सदन के एक सांसद को कांग्रेस के युवराज ने गद्दार कह दिया. सोचिए, इनका अहंकार सातवें आसमान पर पहुंच चुका है. पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने (कांग्रेसी युवराज) उन्हें गद्दार इसलिए कहा क्योंकि वे सिख थे. खरगे ने पीएम मोदी की इसी बात का जवाब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया.



