भारतीय निवेशक हमेशा से लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न देने वाले शेयरों की तलाश में रहते हैं. साल 2026 के लिए ब्रोकरेज हाउसेज की ताजा रिपोर्ट्स कुछ खास सेक्टरों की ओर इशारा कर रहे हैं.
जहां आगे बेहतर रिटर्न की उम्मीद जताई जा रही है
डिफेंस, हाउसिंग फाइनेंस, एफएमसीजी जैसे क्षेत्रों की कुछ कंपनियों में कमाई की स्थिति मजबूत मानी जा रही है. कंपनी शेयरों में 10 फीसदी से लेकर 50 फीसदी तक बढ़त की संभावना बताई जा रही है. आइए जानते हैं, ऐसे ही कुछ चुनिंदा शेयरों के बारे में…..
टीमलीज सर्विसेज पर ब्रोकरेज का भरोसा
ब्रोकरेज फर्म नुवामा ने टीमलीज सर्विसेज को साल 2026 के लिए अपनी पसंदीदा कंपनियों की लिस्ट में शामिल किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के शेयर का लक्ष्य मूल्य 2,400 रुपये तय किया गया है, जबकि फिलहाल इसका बाजार भाव करीब 1,503 रुपये के आसपास है.
इस आधार पर इसमें करीब 49 फीसदी तक बढ़त की संभावना जताई जा रही है. जिसे देखते हुए निवेशकों के लिए यह शेयर आकर्षक माना जा रहा है.
देवयानी इंटरनेशनल शेयर
ब्रोकरेज फर्म नुवामा ने देवयानी इंटरनेशनल पर अपनी ‘बाय’ रेटिंग जारी रखी है और इसका लक्ष्य मूल्य 185 रुपये तय किया है. फिलहाल शेयर करीब 123 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं. जिससे इसमें 50 फीसदी से अधिक की तेजी की संभावना बनती है.
ब्रोकरेज का मानना है कि क्विक सर्विस रेस्टोरेंट सेक्टर में कंपनी तेजी से ग्रो कर रही है. आने वाले क्वार्टर में विस्तार और बेहतर संचालन का असर इसके प्रदर्शन में साफ नजर आने की उम्मीद है.
इमामी शेयर
एफएमसीजी सेक्टर की जानी-मानी कंपनी इमामी को लेकर सिटी ब्रोकरेज का भरोसा बना हुआ है. रिपोर्ट के अनुसार, इमामी के शेयर के लिए 665 रुपये का लक्ष्य तय किया गया है. जबकि इसका मौजूदा बाजार भाव करीब 488 रुपये है.
इस हिसाब से इसमें लगभग 34 फीसदी तक बढ़त की संभावना जताई जा रही है. ब्रोकरेज का मानना है कि मजबूत ब्रांड पहचान, विविध प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और स्थिर मांग के चलते इमामी लंबी अवधि के निवेश के लिए एक अच्छा विकल्प बन सकती है.
सोलर इंडस्ट्रीज शेयर
ब्रोकरेज फर्म नुवामा ने सोलर इंडस्ट्रीज पर अपनी ‘बाय’ रेटिंग को बरकरार रखा है. लेकिन ब्रोकरेज ने इसके लक्ष्य मूल्य में कटौती की है. पहले जहां इसका टारगेट 18,000 रुपये था, अब इसे घटाकर 15,800 रुपये कर दिया गया है.
फिलहाल शेयर करीब 13,566 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा है. जिससे इसमें लगभग 16 फीसदी तक की बढ़त की संभावना दिखाई दे रही है.



