प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे हैं. रविवार, 8 फरवरी 2026 को उन्हें मलेशिया के प्रधानमंत्री कार्यालय पेरदाना पुत्रा भवन में भव्य औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
यह स्वागत भारत और मलेशिया के मजबूत और पुराने रिश्तों को दर्शाता है.
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार, 7 फरवरी को कुआलालंपुर पहुंचे थे, जहां मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पहुंचे. इस दौरान मलेशिया के मानव संसाधन मंत्री रामनन रामकृष्णन और उप विदेश मंत्री लुकानिस्मान बिन अवांग साउनी भी मौजूद रहे.
संगीत व नृत्य की शानदार प्रस्तुति
रविवार को हुए स्वागत समारोह में लाल कालीन बिछाया गया और पारंपरिक संगीत व नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई. इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भारत और मलेशिया की साझा विरासत को दिखाया गया. इस गर्मजोशी भरे स्वागत से प्रधानमंत्री मोदी भावुक नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्हें अपने मित्र प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा दिए गए स्नेहपूर्ण स्वागत ने बहुत प्रभावित किया है और वे बातचीत को लेकर उत्साहित हैं.
भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे
स्वागत के बाद दोनों प्रधानमंत्री एक ही गाड़ी में सवार होकर कुआलालंपुर में आयोजित भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे. इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और मलेशिया के लोगों के बीच मजबूत रिश्तों की सराहना की और इसे दोनों देशों की दोस्ती की असली ताकत बताया.इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच अहम द्विपक्षीय बातचीत होने वाली है. इन बैठकों में रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, तकनीक और नवाचार जैसे कई विषयों पर चर्चा होगी. उम्मीद है कि इस दौरान कई समझौते भी किए जाएंगे, जिससे दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत होंगे.
प्रधानमंत्री मोदी का बयान
यात्रा से पहले दिए गए बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भारत और मलेशिया के संबंध लगातार आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस दौरे का मकसद रक्षा सहयोग बढ़ाना, आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना और नए क्षेत्रों में साथ काम करना है. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया की तीसरी यात्रा है और अगस्त 2024 में दोनों देशों के रिश्तों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने के बाद यह उनकी पहली यात्रा है.



