Home छत्तीसगढ़ CG: युवाओं के लिए सुनहरा मौका, छत्तीसगढ़ में 5000 पदों पर होगी...

CG: युवाओं के लिए सुनहरा मौका, छत्तीसगढ़ में 5000 पदों पर होगी सीधी भर्ती, पढ़ें पूरी डिटेल…

3
0

छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग फरवरी 2026 से 5000 पदों पर सीधी भर्ती शुरू होने जा रही है. इसमें सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और लैब सहायक पदों पर लिखित परीक्षा से चयन होगा, जिससे शिक्षकों की कमी दूर होगी.

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. जो अभ्यर्थी सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और सहायक प्रयोगशाला जैसे पदों पर नौकरी की तलाश कर रहे हैं, उनके लिए स्कूल शिक्षा विभाग जल्द ही 5000 पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी करने जा रहा है. विभाग ने शिक्षक सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब फरवरी महीने में नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी है. लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं में इस खबर से खासा उत्साह देखा जा रहा है.

स्कूल शिक्षा विभाग की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि कुल 5000 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. छत्तीसगढ़ शासन ने इस भर्ती परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यापम को सौंपी है. विभाग द्वारा भर्ती विज्ञापन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया पूरी कर व्यापम को भेज दी गई है. इससे यह संकेत मिल रहा है कि भर्ती प्रक्रिया तय समय पर शुरू होगी और किसी तरह की देरी नहीं होगी.

शिक्षकों की कमी जल्द होगी पूरी  

मिली जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ सरकार स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया फरवरी 2026 से शुरू करने जा रही है. इन सभी पदों पर चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसका आयोजन व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा किया जाएगा. मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद इस भर्ती को प्राथमिकता दी गई है, ताकि राज्य के अलग-अलग स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके.

स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर
सरकारी स्कूलों में होने वाली इस भर्ती से न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. इस सीधी भर्ती में व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रयोगशाला सहायक जैसे कई पद शामिल किए जा रहे हैं. खास बात यह है कि अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को इसमें अवसर मिलेगा. इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है.

नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया
शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के तहत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण में एक अहम फैसला भी लिया गया है. माननीय छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बीएड अर्हताधारी अभ्यर्थियों के स्थान पर डीएड अर्हताधारी उम्मीदवारों को नियुक्ति का अवसर दिया गया है. इस निर्णय से लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे डीएड योग्य अभ्यर्थियों को राहत मिली है और नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है.

शिक्षा व्यवस्था को स्थायी मजबूती
स्कूल शिक्षा विभाग के इस फैसले से राज्य भर के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने में बड़ी मदद मिलेगी. भर्ती से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइंस आने वाले दिनों में जारी की जाएंगी. विभागीय सूत्रों का मानना है कि विज्ञापन फरवरी से मार्च 2026 के बीच जारी किया जा सकता है. यह सीधी भर्ती प्रदेश में प्रस्तावित 30,000 शिक्षकों की समग्र भर्ती योजना का अहम हिस्सा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था को स्थायी मजबूती मिलने की उम्मीद है.