Home प्रदेश मौसम अपडेट: IMD की बड़ी चेतावनी, यूपी-दिल्ली समेत 17 राज्यों में आंधी-तूफान...

मौसम अपडेट: IMD की बड़ी चेतावनी, यूपी-दिल्ली समेत 17 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश के आसार…

3
0

देश में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर अचानक बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 16 मार्च से 19 मार्च के बीच देश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान और मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के मुताबिक यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत करीब 17 राज्यों में 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

उत्तर भारत में तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में मौसम तेजी से बदलेगा। 16 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

इसके अलावा 16 और 19 मार्च को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी गरज, बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 16 से 20 मार्च के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में बारिश होने का अनुमान जताया है, जबकि 19 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश हो सकती है।

पूर्वी और मध्य भारत में भी बारिश का असर

पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 16 से 19 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार 16 मार्च को पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, ओडिशा और झारखंड में आंधी, बिजली और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं बिहार में भी आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। 21 मार्च को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

पश्चिम भारत में बारिश के साथ लू का खतरा

पश्चिमी भारत में भी मौसम का असर दिखाई देगा। गुजरात और महाराष्ट्र में 16 से 19 मार्च के दौरान छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि गुजरात में यह गतिविधि मुख्य रूप से 18 और 19 मार्च को देखने को मिल सकती है।

दूसरी ओर विदर्भ में 16 मार्च को हीटवेव यानी उष्ण लहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

तापमान में उतार-चढ़ाव का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जबकि उसके बाद तीन दिनों में तापमान फिर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है। पूर्वी और मध्य भारत में भी अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। बारिश और तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है, लेकिन कुछ इलाकों में लू की स्थिति भी बनी रह सकती है।