राज्यसभा की 11 सीटों के लिए वोटिंग खत्म हो गई है, जिसमें बिहार की 5 सीटें भी शामिल हैं, 26 सीटों पर पहले ही उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
इनमें 13 एनडीए को और 13 विपक्ष की सीटें हैं।
एनडीए के सभी 202 विधायकों ने वोट डाला है तो वहीं महागठबंधन की ओर से 4 विधायकों ने मतदान नहीं किया है, इन 4 में से तीन विधायक कांग्रेस के हैं जबकि एक राजद पार्टी से हैं।
जिन विधायकों ने वोट नहीं किया है, उनके नाम हैं मनोहर प्रसाद, सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास, ये तीनों ही कांग्रेस पार्टी के हैं तो वहीं राजद एमएलए का नाम फैसल रहमान है। आपको बता दें कि राजद को एआईएमआईएम के पांच विधायकों का साथ मिला है।
Rajya Sabha Election 2026 Results: बिहार में 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में
मालूम हो कि 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। जदयू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है तो वहीं भाजपा की ओर से नितिन नवीन और शिवेश राम मैदान में हैं। वहीं राजद ने अमरेंद्रधारी सिंह को उम्मीदवार बनाया है। चार सीटों पर 2 जेडीयू से और दो बीजेपी की जीत को पक्की दिख रही है लेकिन असली पेंच फंसा है 5वीं सीट का।
Rajya Sabha Election 2026: अमरेंद्रधारी सिंह बनाम शिवेश कुमार राम
5वीं सीट पर भाजपा के शिवेश कुमार राम और राजद के मौजूदा सांसद अमरेंद्रधारी सिंह (एडी सिंह) इस सीट पर आमने-सामने हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एनडीए ने शिवेश राम को अपना पांचवां उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने सहयोगी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को चौथी सुरक्षित सीट दी है, उनकी जीत तय है।
Rajya Sabha Polls 2026:मैजिक नंबर है 41, कौन मारे बाजी?
जीत के लिए एक उम्मीदवार को 41 वोटों की आवश्यकता है। शिवेश राम की जीत सुनिश्चित करने हेतु एनडीए ने विस्तृत रणनीति बनाई है। भाजपा और जदयू ने अपने मुख्य उम्मीदवारों को वोट देने के बाद, शेष 7 विधायकों को शिवेश राम के समर्थन में मतदान करने को कहा है। जदयू के तीन अधिशेष विधायकों को भी शिवेश राम के पक्ष में वोट देने का निर्देश दिया गया है। चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) और जीतन राम मांझी की ‘हम’ पार्टी के विधायकों का भी उन्हें समर्थन मिल रहा है। इन प्रत्यक्ष मतों से शिवेश राम के पास राजग कोटे से 38 वोट होंगे, और उन्हें जीत के लिए मात्र 3 और वोटों की दरकार है।
कांग्रेस के विघायक कर सकते हैं क्रॉस वोटिंग?
एडी सिंह की राह तब कठिन हुई जब कांग्रेस के दो विधायक रविवार रात महागठबंधन के होटल में नहीं पहुंचे। इनकी स्थिति अस्पष्ट है, आशंका है कि वे शिवेश राम के पक्ष में क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। फिर भी, तेजस्वी यादव को भरोसा है कि लापता कांग्रेसी विधायक गठबंधन के साथ रहेंगे।



