Puducherry Election 2026: पुड्डुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में एआईएडीएमके (AIADMK) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने उप्पलैन्पेट (15) सीट से पूर्व विधायक ए. अंबाझगन और उरुलायनपेट (16) सीट से ए. गांधी को मैदान में उतारा है। पार्टी इस बार अकेले ही मैदान में है और बिना गठबंधन के प्रदेश में अपने दम पर बेहतर प्रदर्शन की जिम्मेदारी है।
पुड्डुचेरी विधानसभा में कुल 30 सीटें हैं, जिनमें बहुमत के लिए 16 सीटों की जरूरत होती है। यहां की राजनीति पारंपरिक रूप से बहुकोणीय रही है, जहां राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलती है। हालांकि, अब कांग्रेस की स्थिति पहले जितनी मजबूत नहीं रही है। पार्टी का संगठन भी काफी कमजोर हुआ है।
Puducherry Election 2026: NDA बनाम इंडिया अलायंस में जंग
इस बार मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। AIADMK की एंट्री से चुनावी समीकरण और दिलचस्प हो गए हैं, क्योंकि यह पार्टी तमिलनाडु से सटे इस केंद्र शासित प्रदेश में प्रभाव रखने की कोशिश कर रही है। वर्तमान में पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी हैं, जो AINRC के प्रमुख नेता हैं और NDA गठबंधन का हिस्सा हैं। उनके नेतृत्व में सरकार काम कर रही है और भाजपा के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरने की संभावना है।
AIADMK के लिए पुराना जनाधार पाना मुश्किल
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस चुनाव में स्थानीय मुद्दे जैसे विकास, रोजगार, पर्यटन और बुनियादी ढांचा अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का असर भी मतदाताओं के फैसले को प्रभावित कर सकता है। AIADMK द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा से यह साफ हो गया है कि पार्टी पुड्डुचेरी में अपनी पकड़ मजबूत करने के इरादे से चुनाव लड़ रही है। आने वाले दिनों में अन्य पार्टियां भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगी, जिससे चुनावी मुकाबला और रोचक हो जाएगा।



